यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दीपावली पर रोडवेज को गत वर्ष के मुकाबले 46 फीसद अधिक राजस्व की प्राप्ति
जागरण संवाददाता नोएडा रक्षाबंधन के बाद रोडवेज विभाग दीपावली पर भी रिकार्ड बनाने की ओर

जागरण संवाददाता, नोएडा :
रक्षाबंधन के बाद रोडवेज विभाग दीपावली पर भी रिकार्ड बनाने की ओर बढ़ रहा है। इस बार दीपावली वाले दिन रोडवेज ने 87 लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति की है। धनतेरस और छोटी दीपावली पर भी रोडवेज का खजाना खूब भरा।
नोएडा डिपो के एआरएम एनपी सिंह ने बताया कि चार नवंबर को रोडवेज से 78 हजार यात्रियों ने सफर किया। करीब दो लाख 47 हजार किलोमीटर के सफर के लिए 195 बसें संचालित की गई। इससे करीब 87 लाख रुपये की राजस्व की प्राप्त हुई है। यह गत वर्ष के मुकाबले 46 फीसद अधिक है। वहीं वर्ष-2019 के मुकाबले 34 फीसद अधिक है, जबकि वर्ष-2020 में डिपो में 215 व वर्ष-2019 में 224 बसें थी। दीपावली पर राजस्व प्राप्त में हुए सुधार के मामले में डिपो प्रदेश में पहले नंबर पर रहा है। दीपावली पर सुबह चार बजे रोडवेज डिपो पर लोगों की भीड़ रही। देर रात तक यात्री बस पकड़ने के लिए पहुंचते रहे। सबसे अधिक सवारी आगरा, अलीगढ़, बिजनौर, हाथरस, मथुरा, हरिद्वार, सहारनपुर, मेरठ, बरेली, बदायुं, मुरादाबाद, एटा, कासगंज की रहीं। वहीं कुछ सवारियां लखनऊ, कानपुर रूट पर रहीं। त्योहार को ध्यान में रखते हुए छठ पूजा तक डिपो की सभी बसों का संचालन किया जा रहा है। नोएडा में तीन पिकिग प्वाइंट बनाए गए हैं, जिनमें सेक्टर-35 नोएडा डिपो, डीएनडी फ्लाईओवर व सेक्टर-37 बोटेनिकल गार्डन शामिल हैं। इन प्वाइंट से लखनऊ, कानपुर, पीलीभीत, लखीमपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर, औरेया, इटावा, आदि स्थानों के लिए लोगों ने बस पकड़ी। इन बसों में सीएनजी फीलिग के लिए बरेली, आगरा, कानपुर, लखनऊ बस स्टेशन सुविधा उपलब्ध रही। 50 बसें कौशांबी भेजी :
कौशांबी डिपो पर सवारी अधिक होने की जानकारी पर नोएडा डिपो से 50 बसें भेजी गई है, जो बाद में अलग-अलग गंतव्य पर यात्रियों को लेकर रवाना हुई। दीपावली पर घर जाने वालों को परेशानी न हो। इसके लिए एआरएम स्वयं देर रात डिपो में नजर बनाए रहे। इसके लिए करीब 800 चालक-परिचालक को काम पर लगाया गया था।
