भारत बंद के आह्वान को कांग्रेसियों ने दिया समर्थन
जागरण संवाददाता नोएडा कृषि बिल के विरोध में किसान सड़कों पर उतर आए हैं। किसान संघ्
जागरण संवाददाता, नोएडा :
कृषि बिल के विरोध में किसान सड़कों पर उतर आए हैं। किसान संघर्ष समन्वय समिति ने शुक्रवार को भारत बंद का आह्वान किया है। जिसका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन किया। कार्यकर्ता सेक्टर-14ए में किसानों के धरने में भी शामिल हुए और सरकार की गलत नीतियों का विरोध किया। इतना ही नहीं, कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर कृषि से जुड़े बिलों को वापस लेने की मांग की।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शाहबुद्दीन ने बताया कि कृषि बिल किसानों के हक में नहीं है, बिना चर्चा बिल पास करना लोकतंत्र की हत्या है। यह किसानों को मजदूर बनाने वाला है। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम नागर ने कहा कि किसानों का विरोध प्रदर्शन बिल्कुल सही है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस लड़ाई में उनके साथ है और किसानों के समर्थन में भारत बंद का आह्वान कर रहे हैं। हमने सेक्टर-15 में भी दुकानों को बंद रखने का आह्वान किया है। इस दौरान मनोज चौधरी, कुंवर नूर मोहम्मद, राजेंद्र अवाना, ललित अवाना, गौतम अवाना, सोविद्र अवाना, जितेंद्र अम्बावत, अशोक शर्मा, राजकुमार भारती, पवन शर्मा आदि मौजूद रहे।