विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना कप्तान कैसे चुनावी मैदान में उतरेगी कांग्रेस? नोएडा में जिला अध्यक्षों की घोषणा और बूथ समितियों का गठन अटका

Published: Fri, 13 Nov 2026 11:08 AM (GMT+05:30)

कांग्रेस के गौतमबुद्ध नगर संगठन में जिला-महानगर अध्यक्षों की घोषणा और बूथ समितियों का गठन लंबित है। इससे कार्यकर्ता निराश ...और पढ़ें

राहुल गांधी। सोशल मीडिया

राहुल गांधी। सोशल मीडिया

HighLights

  1. गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस अध्यक्षों की घोषणा में देरी।

  2. बूथ समितियों का गठन न होने से कार्यकर्ता निराश।

  3. विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में दिशा का अभाव।

अर्पित त्रिपाठी, ग्रेटर नोएडा। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के बावजूद गौतमबुद्ध नगर जिले में पार्टी संगठन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

अगस्त में बूथ समितियों के गठन और सितंबर के पहले सप्ताह में जिला-महानगर अध्यक्षों की सूची जारी करने का एलान किया गया था, लेकिन नवंबर 2026 तक सूची सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि जिले की कार्यकारिणी सक्रिय रूप से काम नहीं कर पा रही है। नए गठन की प्रक्रिया अटकी हुई है और ब्लॉक स्तर पर समितियां प्रभावी ढंग से गठित नहीं हुईं। इससे कार्यकर्ता निराश हैं।

गौरतलब है कि प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने नियुक्ति के तुरंत बाद कहा था कि अगस्त में जिला और प्रदेश स्तर पर बूथ समितियों का गठन कर दिया जाएगा। एआईसीसी ने आब्जर्वर भेजकर संगठन सृजन अभियान शुरू किया।

फीडबैक हाईकमान को भेजा

प्रभारियों और आब्जर्वरों ने जनपद में जाकर ब्लॉक और वार्ड स्तर तक बैठकें कीं और फीडबैक हाईकमान को भेजा। सितंबर के पहले सप्ताह में संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और राजेंद्र पाल गौतम की मौजूदगी में जिला व महानगर अध्यक्षों की सूची पर अंतिम रूप देने की चर्चा हुई थी, लेकिन अब तक घोषणा नहीं हो पाई।

सवाल उठ रहा है कि जब फीडबैक लिया गया तो उस राय पर अंतिम निर्णय क्यों नहीं लिया जा रहा है, जबकि विधानसभा चुनाव में कुछ बही महीने रह गए हैं। उधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में 180-200 सीटों की मांग कर रही है।

समितियां ही गठित नहीं हुईं

कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब बूथ, मंडल और ब्लॉक स्तर की समितियां ही गठित नहीं हुईं तो 200 सीटों का आधार क्या है। दूसरी ओर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बना लिया है, जबकि अखिलेश यादव रोज पीडीए की नई परिभाषा दे रहे हैं।

कांग्रेस के साथ सीटों का फैसला भी अभी तक नहीं हो पाया है। जिलों की नई कार्यकारिणी का गठन न होने से कार्यकर्ता चुनाव की तैयारियों की दिशा नहीं तय कर पा रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।