गेट पर ताला लगाकर CJP टीम को रोका, नोएडा के सरकारी स्कूलों में नो एंट्री से बढ़ा विवाद; BSA से टकराव
नोएडा में सरकारी स्कूलों के निरीक्षण को लेकर सीजेपी और शिक्षा विभाग आमने-सामने आ गए हैं। सीजेपी टीम को सर्फाबाद ...और पढ़ें

नोएडा के गढ़ी चौखड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों से बात करते सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास। जागरण
HighLights
सीजेपी टीम को नोएडा के सरकारी स्कूलों में प्रवेश नहीं मिला
सीजेपी ने अधिकारियों पर निरीक्षण रोकने का आरोप लगाया
शिक्षा विभाग ने स्कूल बंद करने के आरोपों को खारिज किया
जागरण संवाददाता, नोएडा। सरकारी स्कूलों के निरीक्षण को लेकर नोएडा में सीजेपी और शिक्षा विभाग आमने-सामने आ गए हैं। मंगलवार को निरीक्षण करने पहुंची सीजेपी की टीम को सर्फाबाद के सरकारी स्कूल में प्रवेश नहीं मिला।
इसके बाद सीजेपी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों के निर्देश पर स्कूलों के गेट बंद रखे गए और टीम को निरीक्षण से रोका गया। वहीं, बीएसए राहुल पंवार ने स्कूल बंद करने या ऐसा कोई आदेश देने से इनकार किया है।
सर्फाबाद स्कूल में नहीं खुला गेट
सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास के नेतृत्व में टीम ने पहले गढ़ी चौखंडी के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां टीम को शौचालय खराब और गंदे मिले। इसके बाद टीम सर्फाबाद के सरकारी स्कूल पहुंची तो अंदर से ताला लगा मिला।
शिक्षिकाओं ने गेट न खोलने के निर्देश का हवाला दिया। इसके चलते टीम को स्कूल के अंदर प्रवेश नहीं मिल सका। सीजेपी का दावा है कि इसके बाद अन्य स्कूलों में भी टीम को प्रवेश नहीं दिया गया।
गेट बंद रहने से प्रशासन पर आरोप
सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया कि टीम पांच स्कूलों का निरीक्षण करना चाहती थी, लेकिन गढ़ी चौखंडी के एक स्कूल के बाद अन्य जगह प्रवेश नहीं दिया गया। उनका दावा है कि एक स्कूल के प्रधानाचार्य ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश का हवाला दिया।
सीजेपी ने बाद में यह दावा भी किया कि निरीक्षण के बाद जिले के सभी सरकारी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया। इस दावे पर शिक्षा विभाग ने आपत्ति जताई और इसे गलत बताया।
बीएसए ने स्कूल बंद होने से किया इनकार
बीएसए राहुल पंवार ने सीजेपी के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौतमबुद्ध नगर के सरकारी स्कूल निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चल रहे हैं और स्कूल बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
सीजेपी की ऑडिटिंग पर भी विरोध
ऑल इंडिया एनपीएस फेडरेशन के अंकुर त्रिपाठी ने सीजेपी की आडिटिंग प्रक्रिया का विरोध किया है। उन्होंने इसे गलत ठहराते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।
विवाद अब स्कूलों में निरीक्षण के अधिकार और प्रक्रिया को लेकर भी बढ़ गया है। सीजेपी का कहना है कि टीम को स्कूलों की वास्तविक स्थिति देखने से रोका गया, जबकि शिक्षा विभाग ने स्कूल बंद करने के आरोप को खारिज किया है।
