नोटों से भरा बैग और लाइसेंसी पिस्टल ले उड़े चोर, ग्रेटर नोएडा में CNG पंप पर हुई वारदात
ग्रेटर नोएडा के दादरी कोतवाली क्षेत्र में एक सीएनजी पंप पर कार से नोटों से भरा बैग चोरी हो गया। पीड़ित का आरोप है कि बाइक सवार दो युवक 25 लाख रुपये नकद और लाइसेंसी पिस्टल लेकर फरार हो गए।
-1786948975600_v-1795241800750_m.webp)
घटनास्थल पर मामले की जांच करती पुलिस। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
दादरी में सीएनजी पंप पर चोरी की घटना हुई।
कार से 25 लाख रुपये नकद और पिस्टल गायब।
बाइक सवार दो युवक बैग लेकर हुए फरार।
संवाद सहयोग, दादरी (ग्रेटर नोएडा)। ग्रेटर नोएडा में दादरी कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित चिटेहरा गांव के पास एक सीएनजी पंप पर कार से नोटों से भरा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि बाइक सवार दो युवक बैग लेकर फरार हो गए।
बुलंदशहर निवासी अनिल एटीएम मशीनों में कैश डालने का काम करता है। उसका कहना है कि वह दादरी की तरफ जा रहा था और सीएनजी पंप पर गैस डलवाने के लिए रुका था।
वहीं, गैस डलवाने के बाद जब वह वापस वैगनआर कार में बैठा तो बैग गायब मिला। पीड़ित ने तत्काल 112 पर सूचना दी।
पीड़ित ने बैग में 25 लाख रुपये कैश और लाइसेंसी पिस्टल होने की बात कही है। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित से पूछताछ की जा रही है और घटना के पर्दाफाश के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।