युवाओं को पर्वतारोहण के गुर सिखाएंगे अर्जुन वाजपेयी
जागरण संवाददाता, नोएडा : पर्वतारोही अर्जुन वाजपेयी अब युवाओं को पर्वतारोहण के गुर सिखाएंगे। इसके लिए
जागरण संवाददाता, नोएडा : पर्वतारोही अर्जुन वाजपेयी अब युवाओं को पर्वतारोहण के गुर सिखाएंगे। इसके लिए उन्होंने क्लाइंब विथ अर्जुन नाम से अभियान शुरू किया है।
अर्जुन वाजपेयी हर महीने युवाओं को हिमाचल प्रदेश के चंद्रभागा रेंज में सीबी-13 पहाड़ पर अल्पाइन स्टाइल में पर्वतारोहण के गुर सिखाएंगे। यह चोटी बीस हजार छह सौ फिट ऊंची है। प्रशिक्षण कार्यक्रम बारह दिन का होगा। पहले चरण में दस जुलाई को नौ लोगों का दल रवाना होगा। इस दल के सात सदस्य नोएडा के ही रहने वाले हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान युवाओं को ट्रैकिंग, आइस क्लाइबिंग, नेविगेशन, मैप रीडिंग, टेंट पिचिंग जैसे गुर सिखाए जाएंगे। अर्जुन वाजपेयी के साथ-साथ मशहूर पर्वतारोही कर्ण कौशिक भी युवाओं को प्रशिक्षण देंगे।
हर महीने चलेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
अर्जुन वाजपेयी यह कार्यक्रम हर माह चलाएंगे। इसके लिए युवाओं से बीस हजार रुपये शुल्क लिया जाएगा। पर्वतारोहण के लिए सारा सामान अर्जुन वाजपेयी की तरफ से उपलब्ध कराया जाएगा। यदि कोई इस प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेना चाहता है तो ंवह अर्जुन वाजपेयी के फेसबुक पेज के माध्यम से उनसे संपर्क कर सकता है।
मकालू फतह के लिए तैयारी शुरू
अर्जुन वाजपेयी ने दुनिया की पांचवीं सबसे उंची चोटी माउंट मकालू फतह करने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है। वे अगले साल मार्च में चौथी बार मकालू की चढ़ाई करेंगे। इस बार नेपाल में आए भूकंप की वजह से उनकी चढ़ाई सफल नहीं हो पाई थी। अर्जुन वाजपेयी विश्व की सबसे उंची चोटी माउंट एवरेस्ट को वर्ष 2010 में ही फतह कर चुके हैं। इसके अलावा वे विश्व की चौथी सबसे उंची माउंट लोत्से और आठवीं सबसे उंची चोटी मनासलू को भी फतह कर चुके हैं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को शुरू करने का मुख्य मकसद युवाओं को पर्वतारोहण के प्रति जागरूक करना है। इस क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं और पर्यटन के तमाम अवसर भी पैदा हो रहे हैं। ऐसे में रोजगार की दृष्टि से भी यह फायदेमंद होगा।
-अर्जुन वाजपेयी, पर्वतारोही