अनियंत्रित कैंटर टकराया शेल्टर से, तीन घायल
जागरण संवाददाता, नोएडा : एक अनियंत्रित कैंटर बुधवार की दोपहर बस शेल्टर से टकरा गया। शेल्टर के गिर
जागरण संवाददाता, नोएडा :
एक अनियंत्रित कैंटर बुधवार की दोपहर बस शेल्टर से टकरा गया। शेल्टर के गिरने के कारण वहां चाय की दुकान लगाने वाला और बस का इंतजार कर रहे दो अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी है। घटना के बाद कैंटर चालक मौके पर कैंटर छोड़ फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सड़क दुर्घटना झुंडपुरा गांव के पास एचसीएल कंपनी के नजदीक हुई। यहां एक शेल्टर के पास मेरठ का रहने वाला विकलांग युवक बाबी कुमार चाय की दुकान चलाता है। वहीं अमरोहा के रहने वाला और सेक्टर-11 की एक कंपनी में काम करने वाला चैन सिंह और गोंडा का रहने वाला शिव कुमार शुक्ला बस का इंतजार कर रहे थे। उसी समय तेज रफ्तार कैंटर आकर शेल्टर से टकरा गया। इससे शेल्टर गिर गया। इसकी चपेट में आकर तीनों लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में चैन सिंह को मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बाबी कुमार और शिव कुमार शुक्ला को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को छोड़ मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को कुचला
जासं, नोएडा : मंगलवार की देर रात सड़क हादसे में एक साइकिल सवार की मौत हो गई। उसे फोर्टिस अस्पताल के पास अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। मृतक की पहचान अमरोहा निवासी 22 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई है। वह सेक्टर-65 की एक निजी कंपनी में काम करता था। मंगलवार को रात में वह ड्यूटी के बाद से खोड़ा कॉलोनी में अपने किराए के कमरे पर जा रहा था। फोर्टिस अस्पताल के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।