Wrestlers Protest: सरकार पर फूटा खाप पंचायतों का गुस्सा, कहा- '56 इंच का सीना बाहुबली सांसद से डर गया'
श्याम सिंह मलिक ने कहा कि आर पार की लड़ाई को तैयार रहो। महाभारत में श्रीकृष्ण ने द्रौपदी की जान बचाई थी। सभी को मिलकर इस लड़ाई को लड़ना है। इस मामले में भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी के साथ ही दिल्ली पुलिस पर केंद्रीय गृहमंत्री अंकुश लगाए।
मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह और नामचीन पहलवानों के बीच चल रहे अखाड़े में खाप चौधरी भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर भाजपा सांसद को बचाने का आरोप लगाया है। साथ ही खिलाड़ियों के सम्मान की लड़ाई को देशभर में महापंचायत करने की बात कही। पंचायत में खाप चौधरियों ने भाजपा और भाजपा सांसद पर खूब तंज कसे।
गठवाला खाप के थांबेदार श्याम सिंह मलिक ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने बेटियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। यह देखकर आंखों में पानी आ गया। हरिद्वार में जब बेटियां रो रही थीं तो चौधरी राकेश टिकैत भी भावुक हो गए। पहलवान बेटियों से पांच दिन का समय मांगा गया है। यदि उन्हें इंसाफ नहीं मिला तो वह कुछ भी कर सकती हैं।
श्याम सिंह मलिक ने कहा कि आर पार की लड़ाई को तैयार रहो। महाभारत में श्रीकृष्ण ने द्रौपदी की जान बचाई थी। अब सभी को मिलकर इस लड़ाई को लड़ना है। इस मामले में भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी के साथ ही दिल्ली पुलिस पर केंद्रीय गृहमंत्री अंकुश लगाए। बेटियों के साथ अभद्रता करने वाले पुलिसकर्मियों को जेल भेजा जाना चाहिए।
56 इंच का सीना बाहुबली सांसद से डर गया
हरियाणा भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी रतनमान सिंह ने कहा कि 56 इंच का सीना बाहुबली सांसद से डर गया है। गुर्जर खाप के प्रतिनिधि मनोज गुर्जर ने कहा कि भाजपा सरकार में खिलाड़ियों और किसानों का सम्मान नहीं है। किसान संगठनों को कुचलने का प्रयास हो रहा है। गुर्जर समाज इस मुद्दे पर खाप चौधरियों के साथ है।
सोरम बगावत की धरती
जाखड़ खाप से चौधरी रोहित जाखड़ ने कहा कि भाजपा राज में धमकाने का कार्य हो रहा है, लेकिन सोरम बगावत की धरती है। आज हो निर्णय लिए गए हैं, वह देशभर में लागू होंगे। देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि देशखाप इस लड़ाई में कंधे से कंधा मिलकर चलेगी। भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पहलवान बेटियों कुल की इज्जत है।
यही जिद रही तो अगले साल सरकार बदल देंगे
दिल्ली से आए चौधरी सुरेंद्र सोलंकी ने कहा कि जिन्हें स्टेडियम में होना चाहिए वह सड़कों पर है। प्रधानमंत्री बिना बुलावे के पाकिस्तान पहुंच जाते हैं और उनके घर से कुछ दूरी पर देश का गौरव धरनारत रहा, लेकिन उनकी सुध तक नहीं ली। सरकार की तानाशाही के चलते खिलाड़ियों को मेडल गंगा में विसर्जित करने का निर्णय लेना पड़ा। एक व्यक्ति को बचाने के लिए सरकार जिद पर अड़ी है।
उन्होंने कहा कि यही जिद रही तो अगले साल किसान सरकार बदल देंगे। कालखांडे खाप के चौधरी संजय सिंह ने कहा कि यदि मेडल गंगा में विसर्जित हो जाते तो धरती लाल हो सकती थी। आंदोलन के लिए सभी तैयार है, जो निर्णय होगा उसे माना जाएगा।
खाप पंचायतों ने खोला मोर्चा
इसके अलावा अहलावत खाप के चौधरी गजेंद्र अहलावत, सर्वजातिया खाप सोनीपत के चौधरी राजेंद्र सिंह, बत्तीसा खाप के चौधरी विनय सिंह, ठाकरान खाप के चौधरी महेंद्र सिंह, कटारिया खाप के चौधरी धमवीर सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि सभी मिलकर इस लड़ाई को लड़ेंगे। भले ही देशभर में महापंचायत करनी पड़े। मंच संचालन राजीव मलिक व विपिन बालियान ने किया। चौधरी गजे नागर, गौरव टिकैत, वेदपाल सिंह नागर आदि मौजूद रहे।