मुजफ्फरनगर में पति ने की पत्नी के प्रेमी की ईट-पत्थर से मार-मारकर हत्या
शुक्रवार को दोपहर में ओम सिंह भोकरहेड़ी बैंक से रुपये निकालने गया तो चंद्रपाल समेत पांच लोगों ने बस स्टैंड पर ईट-पत्थर से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मुजफ्फरनगर (जेएनएन)। भोकरहेड़ी कस्बे में पति व उसके साथियों ने पत्नी के प्रेमी की ईटों से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित पति व उसके पिता को मौके से गिरफ्तार कर लिया। भोपा थाना क्षेत्र के मजलिसपुर तौफीर गांव के मजरा गांव महाराजनगर निवासी चंद्रपाल की 30 वर्षीय पत्नी ममता व पांच वर्षीय बेटे आकाश को कुटुंब का ही ओम सिंह तीन वर्ष पहले फुसलाकर ले गया था।
चंद्रपाल ने ओम सिंह के खिलाफ अपहरण की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की। चंद्रपाल को पता चला कि उसकी पत्नी रुड़की में ओम सिंह के साथ रह रही है। बीते गुरुवार को ओम सिंह गांव में आया था। शुक्रवार को दोपहर में ओम सिंह भोकरहेड़ी बैंक से रुपये निकालने गया तो चंद्रपाल समेत पांच लोगों ने बस स्टैंड पर ईट-पत्थर से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने चंद्रपाल और उसके पिता रामपाल को गिरफ्तार कर लिया। घायल को पीएचसी मोरना पर भर्ती कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से मेरठ ले जाते समय ओम सिंह ने दम तोड़ दिया। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
हत्या में पांच नामजद महाराजनगर गांव निवासी सूरजमल ने थाने में दी तहरीर में बताया कि चंद्रपाल अपनी पत्नी ममता का उत्पीड़न करता था। सामाजिक स्तर पर दोनों का संबंध विच्छेद होने के बाद उसके भाई ओम सिंह ने ममता से विवाह कर लिया था। आरोप है कि गुरुवार दोपहर कस्बा भोकरहेड़ी बस स्टैंड पर चंद्रपाल व उसके भाई विकास, पिता रामपाल व योगेश व उसके भाई राकेश ने मिलकर ईट-पत्थर से हमला कर ओम सिंह की हत्या कर दी।