विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदलते मौसम में बढ़ा बुखार-खांसी सहित कई बीमारियों का प्रकोप, बचाव के लिए कई बातों का रखें ध्यान

By Jishan Mohamad Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 16 Nov 2026 07:02 PM (GMT+05:30)

Muzaffarnagar News: बदलते मौसम के कारण खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है, खासकर बच्चों और ...और पढ़ें

पुरकाजी के सरकारी अस्पताल में पर्चा बनवाने के लेकर हुई भीड़। जागरण

पुरकाजी के सरकारी अस्पताल में पर्चा बनवाने के लेकर हुई भीड़। जागरण 

HighLights

  1. बच्चों और बुजुर्गों में बीमारी का प्रकोप अधिक।

  2. ठंड से बचाव और पौष्टिक आहार लेने की सलाह।

संवाद सूत्र, पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। बदलते मौसम ने लोगों की सेहत बिगाड़नी शुरू कर दी है। रात के समय जहां ठंड बढ़ रही है, वहीं दिन में गर्मी पड़ रही है। तापमान में इस उतार-चढ़ाव के कारण खांसी, नजला-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खासकर बच्चों में यह बीमारी तेजी से फैल रही है।

पुरकाजी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में इन दिनों ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। बदलते मौसम के कारण रोजाना 200 से 300 मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा संख्या बच्चों और बुजुर्गों की है। सुबह-शाम की ठंडी हवा और दिन की गर्मी के कारण लोग सर्दी-जुकाम की चपेट में आ रहे हैं।

डाॅ. सुमित चौधरी का कहना है कि इस मौसम में जरा सी लापरवाही भी बीमारी का कारण बन सकती है। ठंडे पानी से नहाना, सुबह-शाम बिना गर्म कपड़ों के बाहर निकलना, बासी खाना खाना और धूल-मिट्टी के संपर्क में आना खांसी-जुकाम को बढ़ा रहा है। इस समय सबसे ज्यादा नजला, खांसी, गले में खराश, बुखार और बदन दर्द के मरीज आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध हैं और मरीजों को समय पर इलाज दिया जा रहा है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

बीमारी से बचाव के उपाय

  • सुबह-शाम ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े जरूर पहनें।
  • बच्चों को बिना स्वेटर और टोपी के बाहर न भेजें।
  • ठंडा पानी और ठंडी चीजों से परहेज करें।
  • गुनगुना पानी पिएं और दिन में दो बार गुनगुने पानी से गरारे करें।
  • खान-पान का भी विशेष ध्यान रखें।
  • ताजा और पौष्टिक भोजन करें, मौसमी फल खाएं।
  • विटामिन सी युक्त चीजें जैसे नींबू, आंवला और संतरा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं।
  • धूल और धुएं से बचें।
  • खांसी-जुकाम होने पर बिना चिकित्सक की सलाह के एंटीबायोटिक दवा न लें।

डाॅ. चौधरी ने कहा कि अगर खांसी-जुकाम तीन-चार दिन से ज्यादा रहे, सांस लेने में तकलीफ हो या तेज बुखार आए तो तुरंत अस्पताल में आकर जांच कराएं। घरेलू नुस्खों के साथ-साथ चिकित्सक की सलाह से ही इलाज कराएं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।