VIDEO: मुजफ्फरनगर में सड़क पर लड़कियों में चली हॉकी-बेल्ट
मुजफ्फरनगर में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें लड़कियां हॉकी और बेल्ट से झगड़ती दिख रहीं हैं। यह घटना महावीर चौक की बताई जा रही है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। सड़क पर लड़कों में हॉकी-डंडे चलना आम बात है, लेकिन लड़कियों को सरेआम इस तरह झगड़ते बहुत कम ही देखा-सुना गया है। शहर में ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें चार-पांच लड़कियां हॉकी और बेल्ट से एक-दूसरे को पीटते हुए दिख रहीं हैं।
कल शाम का बताया जा रहा वीडियो
शनिवार सुबह एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इसमें दिख रहा है कि चार-पांच लड़कियां हॉकी और बेल्ट से झगड़ रहीं हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र के महावीर चौक पर शुक्रवार शाम करीब पांच बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवतियां पहले ही हाथों में हॉकी लिए किसी का इंतजार कर रही थीं, जबकि तीन युवतियां स्कूटी पर सवार होकर सर्कुलर रोड की ओर से आईं थीं। इस दौरान दोनों पक्षों में जबरदस्त मारपीट हुई। वहां मौजूद कुछ लोगों ने इस घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
खिलाड़ी लग रहीं
घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि ये लड़कियां शहर की ही लग रहीं हैं। पहनावे से लग रहा है कि ये खिलाड़ी हैं। एक-दो लड़कियों ने ट्रैक सूट पहना है जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं, एसएसपी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। न ही किसी ने इस संबंध में शिकायत की है।