यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 29, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अतिक्रमण की वजह से दम तोड़ रही यातायात व्यवस्था
शिव चौक से झांसी रानी चौराहा शहर का मुख्य मार्ग है। इसी मार्ग पर एसडी मार्केट और नगरपालिका हैं। यह ...और पढ़ें

जेएनएन, मुजफ्फरनगर। शिव चौक से झांसी रानी चौराहा शहर का मुख्य मार्ग है। इसी मार्ग पर एसडी मार्केट और नगरपालिका हैं। यह मार्ग आवागमन के लिए बेहद व्यस्त है। मुख्य मार्ग पर दोनों ओर अतिक्रमण का जाल है। जाम की वजह से दिन में इस मार्ग से निकलना आसान नहीं है।
वैसे तो शहर के अधिकतर बाजार और मार्ग अतिक्रमण की भेंट चढ़े हुए हैं, लेकिन शिव चौक से झांसी की रानी प्रतिमा चौक होते हुए टाउनहाल मार्ग पर पग-पग पर अतिक्रमण देखने को मिलता है। यह मार्ग शहर के प्राचीन और व्यस्ततम मार्गो में से एक है। इसी मार्ग पर एसडीए मार्केट, नगरपालिका परिषद कार्यालय व झांसी रानी पार्क हैं। झांसी रानी पार्क में 1857 क्रांति की वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा है। साथ ही फव्वारा इसकी शोभा बढ़ाता है, लेकिन अतिक्रमण की वजह से फव्वारा तो दिखाई ही नहीं देता, जबकि महारानी लक्ष्मीबाई का ऊपरी हिस्सा ही दिखाई देता है। इस पार्क के चारों ओर अतिक्रमण फैला हुआ है। पार्क की हालत भी बद से बदतर है। इस मार्ग पर दोनों और व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं। मार्ग के बीच में डिवाइडर बना है। यह डिवाइडर 8 साल पहले जाम को नियंत्रित करने के लिए बनाया गया था, लेकिन हालात जस के तस हैं। इसकी मुख्य वजह दुकानों के सामने ठेले वालों का खड़ा होना और दुकानदारों की ओर से किया गया अतिक्रमण है। यहां से गुजरने में यात्रियों को काफी परेशानी होती है। शिव चौक पर जाने का यह मुख्य मार्ग है। इसी मार्ग पर एसडीम मार्केट है। एसडी मार्केट जिले की पहचान है। यहां पर कपड़ों का थोक व फुटकर व्यापार होता है। आलम यह है कि इस मार्ग पर व्यापारियों के वाहन दिनभर खड़े रहते हैं। पार्किंग न होने की वजह से लोगों के वाहन भी मुख्य मार्गो के किनारे खड़े रहते हैं, जिससे प्रतिदिन जाम के हालात बनते हैं। प्रशासन के प्रयास बेअसर
प्रशासन ने कई बार इस मार्ग को जाम से मुक्त कराने का प्रयास किया। मोललाहेड़ी मार्केट के सामने एक रास्ता भी खोला गया, लेकिन अतिक्रमण की वजह से यातायात व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पाई। शिव चौक के सामने यातायात पुलिस ने कई दफा रूट डायवर्ट किया, लेकिन जाम के हालात में सुधार नहीं हो पाया। जाम को देखते हुए भारी वाहन इस मार्ग पर प्रतिबंधित हैं। बावजूद इसके आए दिन जाम लगता है। वहीं टाउनहॉल के सामने भी ठेली वालों ने दूर तक अतिक्रमण कर रखा है।
चाट बाजार ने बिगाड़ी पालिका की शोभा
नगरपालिका के बाहर की ओर टाउनहाल रोड पर शाम होते ही चाट बाजार लग जाता है। मुख्य मार्ग पर करीब 300 मीटर दूरी तक देर रात तक चार्ट बाजार लगता है। सुबह के समय इस मार्ग पर गंदगी पसरी रहती है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। कई बार लोगों ने इस मार्ग से चाट बाजार हटाने की मांग की है। गांधी कॉलोनी निवासी अजय अरोड़ा का कहना है कि टाउनहाल मार्ग साफ सुथरा होना चाहिए। इस मार्ग पर नगरपालिका कार्यालय समेत झांसी रानी प्रतिमा और आगे शिव चौक है। प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए। साउथ सिविल लाइन निवासी अंकित कुमार का कहना है कि शिवचौक पर जाने के लिए जाम से जूझना पड़ता है। इसकी मुख्य वजह अतिक्रमण है।
