थम नहीं रहा कोहरा व ठंड का सिलसिला
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर जनपद में पड़ रहा है। बर्फीली हवाएं पूरे दिन लोगों की कंपा रही हैं। कोहरा व कड़ाके की ठंड का यह सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को हल्की धूप निकलने के बाद भी लोग कांपते रहे। ठंड से कोई राहत नहीं मिल सकी।
मुजफ्फरनगर,जेएनएन । पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर जनपद में पड़ रहा है। बर्फीली हवाएं पूरे दिन लोगों की कंपा रही हैं। कोहरा व कड़ाके की ठंड का यह सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को हल्की धूप निकलने के बाद भी लोग कांपते रहे। ठंड से कोई राहत नहीं मिल सकी।
कभी बारिश तो कभी कोहरा लोगों के लिए जी का जंजाल बना है। बूंदाबांदी, कोहरा, शीतलहर से लोग परेशान हो चुके हैं। मौसम के तेवर अभी भी तल्ख हैं। शनिवार की सुबह घना कोहरा छाया हुआ था। कोहरा बूंदों के रूप में जमीन पर बरस रहा था। वाहनों की गति को ब्रेक लग गया। हेड लाइट जलाने के बाद भी वाहन रेंगते रहे। सुबह 10 बजे के आसपास से कोहरा छंट गया। इसके बाद आकाश में बादल छाए रहे। दोपहर बाद हल्की धूप निकली लेकिन शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। ठंड के चलते पूरे दिन लोगों की कंपकंपी छूटती रही। बढ़ती ठंड को लेकर लोग परेशान हैं। बड़ी संख्या में लोगों के हाथ-पैरों की अंगुलियों में सूजन आ रही है। जरा सी असावधानी होते ही खांसी, जुकाम, नजला, बुखार आदि बीमारियां पैर पसार रही हैं। मौसम विभाग के शनिवार को अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा।