कांग्रेस के पोस्टरवार पर सपा नेता का पलटवार
आजमगढ़ में कांग्रेस की ओर से सपा प्रमुख अखिलेश यादव के लापता होने के पोस्टर लगाने से सपाइयों का पारा चढ़ गया है। विरोध में सपा नेता ने शहर में कांग्रेस की महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा की उल्टी तस्वीर वाले बैनर लगा दिए। पोस्टर वार से दोनों राजनीतिक दलों के बीच रोष पनप गया है। कांग्रेस ने मामले में कार्रवाई नहीं होने पर सपा नेता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन । आजमगढ़ में कांग्रेस की ओर से सपा प्रमुख अखिलेश यादव के लापता होने के पोस्टर लगाने से सपाइयों का पारा चढ़ गया है। विरोध में सपा नेता ने शहर में कांग्रेस की महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा की उल्टी तस्वीर वाले बैनर लगा दिए। पोस्टर वार से दोनों राजनीतिक दलों के बीच रोष पनप गया है। कांग्रेस ने मामले में कार्रवाई नहीं होने पर सपा नेता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने वर्ष 2019 में आजमगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ा था। आजमगढ़ में उप्र कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने 'अखिलेश यादव 2019 के चुनाव के बाद से आजमगढ़ से लापता हैं' के पोस्टर लगाए हैं। सोशल मीडिया पर पोस्टर वायरल होने से सपाइयों का पारा चढ़ गया।
सोमवार को युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष शमशेर मलिक ने कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा के उल्टी फोटो वाले बैनर लगवा दिए। शहर में कच्ची सड़क, रुड़की रोड, नावल्टी चौक, महावीर चौक, अस्पताल तिराहा, मीनाक्षी चौक, शामली बस स्टैंड, मदनी चौक आदि के साथ करीब 20 स्थानों पर प्रियंका वाड्रा के विरोध में बैनर लगाए गए हैं। इन पर लिखा है-कांग्रेस द्वारा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का आजमगढ़ में विवादित पोस्टर लगाना निदनीय है। कहा है कि-प्रियंका गांधी इसका खंडन करें या माफी मांगें। सपा लगातार सीएए, एनआरसी व एनपीआर का विरोध कर रही है।
गठबंधन से लड़ा था चुनाव
प्रदेश में वर्ष 2017 में सपा और कांग्रेस ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। इसमें यूपी को यह साथ पसंद का नारा दिया गया था। लोकसभा चुनाव से पहले यह गठबंधन टूट गया।
सपा जिलाध्यक्ष से वार्ता कर बैनर लगाने वाले सपा नेता पर कार्रवाई की मांग की गई है। सपा हाईकमान मामले में कार्रवाई नहीं करती है तो बैनर लगाने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
-हरेंद्र त्यागी, जिला अध्यक्ष, कांग्रेस।
पार्टी की ओर से इस तरह के कोई निर्देश नहीं हैं। किस तरह के बैनर या पोस्टर लगाए गए हैं, मैंने नहीं देखे हैं। पार्टी नेता से इसकी जानकारी ली जाएगी।
-प्रमोद त्यागी, जिला अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी