शुकतीर्थ में 27वीं कुश्ती प्रतियोगिता: उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के पहलवानों ने दिखाया दम
शुकतीर्थ में 27वीं कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

शुकतीर्थ में कुश्ती में जौहर दिखाते पहलवान: जागरण
HighLights
शुकतीर्थ में 27वीं कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड के पहलवानों ने दमखम दिखाया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. बालियान ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। तीर्थ नगरी शुकतीर्थ स्थित शहीद भगत सिंह खेल एकेडमी में कुश्ती उत्थान समिति के तत्वावधान में 27वीं कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपनी ताकत, फुर्ती और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटी रही और अखाड़ा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ स्वामी गीतानंद महाराज, स्वामी विज्ञानानंद महाराज, स्वामी गीतानंद तीर्थ, स्वामी आनंद स्वरूपानंद महाराज तथा दंडी आश्रम के मनोहरलाल शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
40 किलोग्राम भार वर्ग के विजेता
प्रतियोगिता के संयोजक भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी ने बताया कि 40 किलोग्राम भार वर्ग में शहयान ने जतिन, आरव ने जीशान, राघव ने वरदान और रिहान ने हिमांशु को पराजित किया। 45 किलोग्राम भार वर्ग में मयंक ने इशांत, कार्तिक ने देव, वरुण ने कुणाल और चंद्रशेखर ने भूवी को हराकर जीत दर्ज की।
60 किलोग्राम भार वर्ग में आर्यन, अभिषेक, विशाल सोरम और जुबेर ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। बालिका वर्ग के 50 किलोग्राम भार वर्ग में साधना, भूमिका, तनिष्का, टीना, रिया नगर और सूचि तिवारी ने अपने मुकाबलों में जीत हासिल कर प्रतिभा का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि कुश्ती गांवों की मिट्टी से जुड़ा ऐसा खेल है, जिसमें प्रतिभा और परिश्रम के दम पर खिलाड़ी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं।
जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, संघर्ष और आत्मविश्वास की सीख देते हैं। खिलाड़ियों को जीत के साथ-साथ खेल भावना को भी सर्वोपरि रखना चाहिए। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेताओं को पुरस्कृत किया।
इस दौरान भाजपा के अभिषेक गुर्जर, शंकर सिंह, अनुज पहलवान, नरेंद्र चौधरी, वीरेंद्र प्रधान, कुश्ती कोच विजेंद्र राठी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।