देवाधिदेव के दरबार में गूंजता रहा 'हर-हर महादेव'
महादेव के जलाभिषेक को शिवालयों में उमड़े आस्थावान। लंबी कतारों में लगकर किया आशुतोष का जलाभिषेक। शिवालयों में गूंजते रहे घंटे-घड़ियाल, भजन-कीर्तन भी हुए।
मुजफ्फरनगर : जिले में शिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। महादेव को प्रसन्न करने के लिए जलाभिषेक करने को शिवालयों में शिवभक्त उमड़ पड़े। शिवभक्तों ने लंबी-लंबी कतारों में लगकर महादेव का जलाभिषेक किया। पूरे दिन शिवालयों में घंटे-घड़ियाल गूंजते रहे। शिवपुराण व शिव चालीसा पढ़ी गईं। दोपहर बाद भजन-कीर्तन के आयोजन हुए।
शिवालयों में जलाभिषेक के साथ ही अनेकता में एकता, आपसी प्यार-मोहब्बत, भाईचारा, सांप्रदायिक सौहार्द की प्रतीक कांवड़ यात्रा संपन्न हो गयी। गुरुवार को भक्तों ने व्रत रखकर स्नान आदि के बाद बड़ी संख्या में शिवालयों में पहुंचकर महादेव का गंगाजल व पंचामृत आदि से अभिषेक किया। शिव चौक स्थित शिव मंदिर, अनंतेश्वर महादेव मंदिर गांधी कालोनी, शिव मंदिर नवीन मंडी स्थल, श्यामाश्याम मंदिर गांधीनगर, तुलसा देई शिव मंदिर पंचमुखी, लक्ष्मण विहार स्थित शिव मंदिर, दाल मंडी स्थित शिव मंदिर के अलावा शहर के गली-मोहल्लों में स्थित तमाम शिवालयों में शिवभक्तों की भीड़ लगी रही। भक्तों ने लंबी-लंबी कतारों में लगकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर प्रसन्न किया। हर-हर महादेव, बोल बम-बोल बम के जयकारे गुंजायमान रहे। पूरे दिन मंदिरों में घंटे-घड़ियाल गूंजे। शिवपुराण व शिव चालीसा पढ़ी गयी। दोपहर बाद मंदिरों में भजन-संकीर्तन के आयोजन हुए। भगवान भोलेनाथ के भजनों पर भक्त जमकर झूमते नाचते रहे।