विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चाक-चौबंद सुरक्षा, वैदिक मंत्रोच्चार व साथ ही गूंजा शंखनाद...संघ सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत पहुंचे शुकतीर्थ

By Rohitash Verma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 22 Nov 2026 07:10 PM (GMT+05:30)

संघ सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने शुकतीर्थ स्थित श्री शुकदेव आश्रम का दौरा किया, जहां उन्होंने स्वामी कल्याण देव महाराज की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की और रात्रि विश्राम किया। वे सोमवार को यज्ञ में आहुति देंगे, वेदव्यास मंदिर और भागवत कथा भवन का लोकार्पण करेंगे तथा साधु-संतों को संबोधित करेंगे।

पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ स्थित श्री शुकदेव आश्रम पहुंचे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत। साथ हैं आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज व अन्य। जागरण

पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ स्थित श्री शुकदेव आश्रम पहुंचे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत। साथ हैं आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज व अन्य। जागरण

HighLights

  1. कल्याण देव महाराज की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की श्रद्धांजलि, आश्रम में किया रात्रि विश्राम

  2. सोमवार को यज्ञ में आहुति देने के साथ वेदव्यास मंदिर व भागवत कथा भवन का करेंगे लोकार्पण

संवाद सूत्र, जागरण. मोरना (मुजफ्फरनगर)। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत रविवार शाम 6:25 बजे पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ स्थित श्री शुकदेव आश्रम पहुंचे। संघ प्रमुख के आगमन पर आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज सहित ट्रस्ट पदाधिकारियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। शुकदेव आश्रम पहुंचते ही उन्होंने शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याण देव महाराज की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। आश्रम में उनका रात्रि प्रवास रहा।

संघ प्रमुख के आगमन पर पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज, ट्रस्ट अध्यक्ष एमएल रंगा, महामंत्री केके विज, विधिक सलाहकार बीबी सिंह, रमेश मलिक, ओमदत्त आर्य तथा डॉ. नरेंद्र शर्मा ने स्वागत किया। इसके बाद डॉ. भागवत समाधि मंदिर पहुंचे और स्वामी कल्याण देव महाराज की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शुकदेव गुरुकुल संस्कृत विद्यालय के 11 बटुक विद्यार्थियों ने शंखनाद किया। आचार्य गिरिश्चंद उप्रेती, अचल कृष्ण शास्त्री, सुमन कृष्ण शास्त्री और आशीष शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार किया। शंखध्वनि और मंत्रों के बीच आश्रम का वातावरण आध्यात्मिक एवं श्रद्धामय हो उठा।

समाधि मंदिर में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद संघ प्रमुख आश्रम परिसर स्थित ताऊ देवीलाल भवन पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। रात्रि में दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संवाद और विचार-विमर्श भी हुआ।

आश्रम ट्रस्टी ओमदत्त आर्य ने बताया कि सोमवार सुबह नौ बजे संघ प्रमुख राष्ट्र कल्याण, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की कामना से आश्रम की यज्ञशाला में आयोजित हवन-यज्ञ में आहुति देंगे। इसके बाद वे वेदव्यास मंदिर का लोकार्पण करेंगे और आश्रम में स्थित प्राचीन अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा करेंगे। शुकदेव मंदिर में दर्शन एवं पूजन के बाद डोंगरे भागवत भवन पहुंचेंगे, जहां भागवत कथा भवन का लोकार्पण कर दीप प्रज्वलित करते हुए विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।

कार्यक्रम में आमंत्रित साधु-संतों, आचार्यों और शिक्षकों को संघ प्रमुख संबोधित करेंगे। आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज भी उद्बोधन देंगे। कार्यक्रम का संचालन ओमदत्त आर्य करेंगे। इस अवसर पर अभिनंदन ग्रंथ का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद संघ प्रमुख आश्रम परिसर स्थित स्मृति गैलरी का अवलोकन करेंगे। आश्रम में भोजन और ट्रस्ट पदाधिकारियों से भेंट के बाद दोपहर एक बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करने का कार्यक्रम निर्धारित है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।