जयंत पर लाठीचार्ज को लेकर जताया आक्रोश
हाथरस में रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पर लाठीचार्ज को लेकर ग्रामीणों और रालोद कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। हाथरस में रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पर लाठीचार्ज को लेकर ग्रामीणों और रालोद कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है।
शाहपुर के शाहजुड्डी गांव में आयोजित बैठक में देशवाल खाप के चौधरी राजेंद्र सिंह देशवाल ने कहा कि हाथरस में रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी व कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाना सरकार की ओछी मानसिकता का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को सभी के सुख-दुख में आने जाने की आजादी है। जयंत चौधरी हाथरस में पीड़िता के परिजनों से मिलने जाना अपराध नहीं था जो पुलिस ने उन पर बर्बरता से लाठीचार्ज किया। देशवाल खाप सरकार की कड़े शब्दों में निदा करता है। उन्होंने 8 अक्टूबर को मुजफ्फरनगर में रालोद के विरोध-प्रदर्शन में पहुंचने का आह्वान किया। इस दौरान चौधरी शरणवीर सिंह, कुलदीप देशवाल, बिजेंद्र प्रधान, देवेंद्र निर्वाल, सतेंद्र पहलवान, चौधरी शोभाराम, सत्यपाल सिंह आदि मौजूद रहे।