लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार पहुंचे छोटे चौधरी
रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अजित सिंह लोकसभा चुनाव में मतगणना के बाद शुक्रवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे। शहर के सरकुलर रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर उन्होंने लोगों की समस्याएं
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अजित सिंह लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से शुक्रवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे। शहर के सर्कुलर रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी। कुछ लोगों ने सत्ताधारी नेताओं के दबाव में पुलिस उत्पीड़न की शिकायत की। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी वार्ता की। इसके बाद वह विश्राम के लिए मेरठ रोड स्थित होटल पहुंच गए।
दिल्ली से मुजफ्फरनगर आते वक्त चौ. अजित सिंह का खतौली में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। वहां से सीधे सिखेड़ा पहुंचे। करीब दो बजे रालोद मुखिया चौ. अजित सिंह पार्टी कार्यालय पर पहुंचे और वहां पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान छोटे चौधरी से टोडा, नूनाखेड़ा और तितावी के ग्रामीण मिले। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव में उनके द्वारा रालोद का साथ दिए जाने पर उनके साथ नाइंसाफी हो रही है। पुलिस लगातार परेशान कर रही है। अजित ने भरोसा दिया कि पार्टी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है। रालोद प्रमुख चौ. अजित सिंह शनिवार को भी जनपद में रहेंगे। इस दौरान पूर्व मंत्री योगराज सिंह, धर्मवीर बालियान, पूर्व विधायक मुश्ताक चौधरी, राजपाल बालियान, जिलाध्यक्ष अजीत राठी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमा नागर चौधरी अभिषेक गुर्जर, हर्ष राठी, पराग चौधरी विदित मलिक, सुधीर भारतीय सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।