दशानन को जलाकर छोड़ गए गंदगी
नुमाइश मैदान व जगह-जगह गंदगी के ढेर। एटूजेड पर काम का ठीकरा फोड़ रही नगरपालिका।
मुजफ्फरनगर : देशभर में भले ही स्वच्छता अभियान का शोर मचा है, मगर जिले के लोगों को गंदगी से गुरेज नहीं है। दशानन को जलाकर बुराई का अंत करने का संकल्प लिया गया। नुमाइश मैदान के साथ रामलीला टीला व गांधी कालोनी में पुलता दहन के बाद गंदगी का बुरा हाल है। कूड़े के लगे ढेर को उठाने को लेकर पालिका ने भी आंखें मूंद ली। सबसे बुरा हाल नुमाइश मैदान का है। मैदान में चारो ओर गंदगी के अंबार लगे रहे। यह हाल तब है, जब यहां प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जन प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया था। रावण, कुंभकरण, मेघनाद के पुतलों की राख के अलावा चाट-पकौड़ों के पत्तल, थर्माकोल की प्लेटों के साथ पॉलीथिन से मैदान पट गया। पालिका ने एटूजेड पर फोड़ा ठीकरा
नगरपालिका ने गंदगी को हटाने के लिए पहल तक नहीं की है। कालोनियों में लगे कूड़े के ढेर हटाने के लिए एटूजेड पर ठीकरा फोड़ा है। शहरभर में गंदगी पर विधायक ने भी डीएम को पत्र भेजा था, उसके बाद भी हालात बेकाबू हैं। शनिवार को दिनभर अनेक स्थानों पर कूड़े के ढेर लगा रहे। सफाई व्यवस्था नगर में चौपट है। इन्होंने कहा..
नगर में सफाई-व्यवस्था के लिए कर्मचारियों को लगाया गया है। वार्डो के साथ जहां-जहां पुतले दहन किए गए हैं। उन क्षेत्रों पर फोकस रखा गया है। अवकाश होने के कारण कार्य में थोड़ा व्यवधान रहा है।
-डॉ. आरएस राठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगरपालिका परिषद।