विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Rakesh Tikait: 'एक भैंसा 40 KM कैसे दौड़ सकता है, गंगा मेले में इससे बचें', राकेश टिकैत ने दी पुष्कर मेले की मिसाल

By Ashu Singh Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 18 Nov 2026 03:14 PM (IST)

Rakesh Tikait: भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने युवाओं से गंगा स्नान मेले में भैंसा दौड़ न कराने ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. राकेश टिकैत ने युवाओं से भैंसा दौड़ न कराने की अपील की।

  2. गंगा स्नान मेले में पशुओं पर अत्याचार रोकने की अपील की।

  3. मेरठ में भैंसा-बुग्गी दौड़ में दो गुटों में विवाद के दौरान फायरिंग।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने युवाओं से अपील की है कि वे गंगा स्नान मेले में जाने के दौरान भैंसे पर अत्याचार न करें। भैंसा दौड़ न कराएं। 

उन्होंने कहा कि एक भैंसा 40 किलोमीटर तक कैसे दौड़ सकता है। अगर भैंसे के पालन-पोषण पर की गई मेहनत दिखानी ही है तो मेले में पहुंचकर उसका प्रदर्शन करें, न कि दौड़ लगवाते हुए।

राकेश टिकैत ने मंगलवार को फेसबुक लाइव आकर युवाओं से अपील की कि गंगा स्नान मेले में भैंसा दौड़ से बचें और मेले की गरिमा एवं सुरक्षा बनाए रखें। उन्होंने बताया कि पुष्कर के पशु मेले में देखा था कि वहां के किसान कितने सुरक्षित तरीके से अपने पशुओं को लेकर पहुंचते हैं। वे पशुओं को गाड़ी में व्यवस्थित तरीके से मेले तक लाते हैं।

भैंसा-बुग्गी दौड़ में दो गुटों में विवाद, जीप पर खड़े होकर की फायरिंग

मेरठ : गढ़मुक्तेश्वर गंगा स्नान जाने के दौरान दो गुटों के बीच भैंसा-बुग्गी दौड़ की शर्त लग गई। दौड़ में पीछे रहने पर एक गुट के साथियों ने आगे जा रही भैंसा-बुग्गी को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने जब बुग्गी नहीं रोकी तो एक युवक ने चलती जीप पर खड़े होकर पिस्टल से कई राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग की वीडियो वायरल हो गई।

परतापुर के गांव कायस्थ गांवडी के रहने वाले चीकू व नवीन राणा और मोहिउद्दीनपुर निवासी अरुण राणा व आर्यन नेहरा गुट के बीच कई महीनों से भैंसा-बुग्गी दौड़ को लेकर विवाद चल रहा है। दो महीने पहले भी इनके बीच भैंसा दौड़ के दौरान विवाद हुआ था। जिसमे दोनों गुटों ने एक-दूसरे के खिलाफ परतापुर थाने में शिकायत भी दी थी।

सोमवार शाम को दोनों गुट अपनी-अपनी भैंसा -बुग्गी से गढ़मुक्तेश्वर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। दोनों गुटों के बीच मेडिकल कालेज से गंगा मेले तक भैंसा-बुग्गी दौड़ की शर्त लगी थी। किठौर पहुंचने पर अरुण व आर्यन की भैंसा-बुग्गी पीछे रह गई।

बताया गया है कि पीछे रहने से नाराज अरुण व आर्यन गुट के लोगों ने जीफ से पीछा कर नवीन की बुग्गी को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने बुग्गी नहीं रोकी तो एक युवक ने जीफ पर खड़े होकर नवीन व चीकू की तरफ पिस्टल से कई राउंड फायरिंग कर दी। यह वारदात पीछे चल रहे किसी ने मोबाइल में कैद कर इंटरनेट पर प्रसारित कर दी।

भैंसा-बुग्गी दौड़ के दौरान फायरिंग की वीडियो देख पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। डीआईजी कलानिधि नैथानी का कहना है कि वीडियो के आधार पर गढ़मुक्तेश्वर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। चार आरोपित अरुण, आर्यन उर्फ गुल्लु, उदय उर्फ राजू व आर्यन नेहरा को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।