विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BKU राष्ट्रीय अध्यक्ष के 'हलवाई का ततैया' जैसे तंज से 'मुलाकात' तक: जयन्त चौधरी से मिले राकेश टिकैत; क्या हुई बात?

By Sanjeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 09 Sep 2026 03:25 PM (IST)

भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने केंद्रीय राज्यमंत्री जयन्त चौधरी से दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र सिंह भी उनके साथ थे।

राकेश टिकैत और जयन्त चौधरी। (फाइल फोटो)

राकेश टिकैत और जयन्त चौधरी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर के उप मुख्यमंत्री सुरिंदर सिंह और गौरव टिकैत भी रहे मौजूद l

  2. इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं हुईं शुरू।

संवाद सूत्र, सिसौली (मुजफ्फरनगर)। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत और गौरव टिकैत ने सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री जयन्त चौधरी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। उनके साथ जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिन्दर सिंह भी रहे। टिकैत परिवार इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बता रहा है।

वहीं, लोगों ने सियासी मायने निकालने शुरू कर दिए हैं। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयन्त चौधरी जब से एनडीए में शामिल हुए हैं तब से टिकैत परिवार व उनके बीच दूरियां बढ़ी हैं। भाजपा गठबंधन से पहले कई मौकों पर जयन्त चौधरी और टिकैत बंधु साथ दिखाई दिए। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले जयन्त चौधरी अचानक सिसौली भी पहुंच गए थे, जहां उन्होंने चौधरी नरेश टिकैत से आशीर्वाद लिया था।

भाजपा से गठबंधन के बाद बगैर नाम लिए एक-दूसरे पर तंज भी कसे गए। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने जयन्त चौधरी की ओर इशारा करते हुए उन्हें 'हलवाई का ततैया' कहा था। हालांकि इसके बाद जयन्त चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा था कि 'मुझे मीठा पसंद नहीं है।' राकेश टिकैत ने बात को यह कहकर संभाल लिया था कि 'वे सब एक हैं।'

फिलहाल इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। चौधरी राकेश टिकैत ने बताया कि जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री के साथ जयन्त चौधरी से शिष्टाचार भेंट की है।

वहीं, गौरव टिकैत ने बताया कि जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री को अपने राज्य से संबंधित कुछ मुद्दों पर बात करनी थी। उन्हीं के साथ जयन्त चौधरी से मिलने गए थे। केवल सामाजिक बातें हुई हैं। राजनीतिक या आंदोलन संबंधित कोई बात नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- कौन हैं प्रो. केपी सिंह, जो बने गोरखपुर विश्वविद्यालय के VC, बागपत जिले का बढ़ाया मान