घर-घर फैलेगा प्रकाश, कोरोना का होगा विनाश
लॉकडाउन के दौरान घर में बैठकर कोरोना वायरस से जंग लड़ रहे लोगों की मेहनत को सफल बनाने के लिए प्रधानमंत्री की अपील पर जनपद की जनता एकजुट दिख रही है। रविवार की रात नौ बजे दीपक और टॉर्च से प्रकाश फैलाने के लिए सभी उत्साहित हैं।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान घर में बैठकर कोरोना वायरस से जंग लड़ रहे लोगों की मेहनत को सफल बनाने के लिए प्रधानमंत्री की अपील पर जनपद की जनता एकजुट दिख रही है। रविवार की रात नौ बजे दीपक और टॉर्च से प्रकाश फैलाने के लिए सभी उत्साहित हैं। घरों में दीपक एकत्रित करने के साथ लोगों ने रोशनी फैलाने के लिए सभी तैयारियां भी पूरी कर ली है। कोरोना वायरस को पुरानी संस्कृतियों से हराने के लिए बड़े अपने बच्चों में भी उत्साह भर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुक्रवार को दिए गए भाषण को सुनने के बाद उनकी अपील को जनता एक संकल्प के रूप में ले रही है। पीएम के भाषण में की गई रविवार की रात नौ बजे नौ मिनट तक अपने घर व बाहर की लाइटों को बंद कर एकजुटता के साथ नौ मिनट तक दीपक व टॉर्च से प्रकाश करने की अपील पर लोग पूर्ण सहमति दिखा रहे हैं। पीएम की अपील के बाद टॉर्च से ज्यादा दीपकों से प्रकाश फैलाने का मन बनाते हुए महिलाओं ने अपने घरों में दीपावली पर्व के बचे हुए दीपकों को निकालकर बाहर रख लिए हैं। शनिवार को लोगों ने सुबह तीन घंटे खुले बाजार से दीपक और मोमबत्तियां भी खरीदी, ताकि अधिक से अधिक प्रकाश फैलाकर कोरोना वायरस को मन के साथ देश से भगाया जा सके। बड़ों के साथ बच्चों में भी नौ मिनट तक दीपक जलाकर प्रकाश फैलाने की अधिक उत्सुकता है। लोगों को कहना है कि यह पुरानी संस्कृति है। इस माहौल में बच्चों का पुरानी संस्कृति से परिचय होगा। इनका कहना है
कोरोना वायरस से जंग लड़ने के लिए लॉकडाउन में बाजार बंद रख लोग पूर्ण समर्थन पहले ही दे रहे हैं। प्रधानमंत्री की अपील पर रविवार को एकजुटता का संदेश दिया जाएगा। कोरोना के खिलाफ दीपक जलाए जांएगे। घरों के बाहर व छतों पर प्रकाश फैलाकर कोरोना को हराने वाले प्रयास को सफल बनाया जाएगा।
- प्रशांत जैन प्रधानमंत्री ने नौ मिनट का समय देने की जनता से जो अपील की है। उससे जनता को सकारात्मक ऊर्जा मिलने के साथ पुरानी संस्कृति की यादें ताजा होंगी। रविवार का दिन चुनना भी अपने आप में अहम कार्य है। कोरोना वायरस से जनता लड़ रही है। इसके खात्मे के लिए जनता में एकजुटता होना भी बड़ी जीत है। निश्चित ही एक साथ करोड़ों दीपक जलने से देश की एकता का संदेश दिया जाएगा, जिससे कोरोना वायरस का विनाश होगा।
- अमित गर्ग रविवार को कोरोना वायरस से खिलाफ प्रकाश फैलाया जाएगा। प्रधानमंत्री की अपील को संकल्प के रूप मे लिया गया है। सभी लोग इसके लिए एकजुट है। जनता कर्फ्यू के दिन जिस प्रकार कर्मयोद्धाओं के लिए एकजुटता दिखाई गई थी। इस बार भी उत्साह दिखाकर प्रकाश फैलाया जाएगा। इसके लिए सभी परिवार तैयार है।
- अलका सिंह लॉकडाउन के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा हुई अपील का सभी वर्ग समर्थन करते हैं। उनकी अपील का पालन कर हर जगह प्रकाश फैलाया जाएगा। कोरोना को लेकर बना हुआ डर भी प्रकाश के साथ दूर भागेगा। बच्चों को भी उत्साह के साथ इस प्रकाश पर्व में शामिल किया जाएगा। बच्चे और बड़े प्रकाश फैलाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
- मनीष चौधरी