पैरा एशियन गेम्स में पदक जीतने वाली प्रीति पाल के घर आईं डबल खुशियां, ढोल-नगाड़ों पर झूम उठा परिवार
मुजफ्फरनगर की प्रीति पाल ने जापान में पैरा एशियाई खेलों की 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता है। इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।

जापान में चल रहे पैरा एशियाई खेलों में प्रीति पाल के रजत पदक हासिल करने पर मुजफ्फरनगर में जश्न मनाते स्वजन
HighLights
जापान में पैरा एशियाई खेलों में प्रीति ने रजत जीता।
200 मीटर दौड़ में मुजफ्फरनगर की बेटी का कमाल।
परिवार में जश्न, पिता को बेटी पर गर्व।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। जापान के आईची-नागोया में पैरा एशियाई खेलों में जनपद के गांव हाशमपुर की बेटी प्रीति पाल ने 200 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया है। इस उपलब्धि से स्वजन गदगद हैं। उन्होंने ढोल नगाड़ों पर नृत्य कर जश्न मनाया। होनहार प्रीति के पिता अनिल कुमार ने बताया कि बेटी ने एक बार फिर सीना गर्व से भर दिया है। उम्मीद जताई कि 100 मीटर दौड़ में भी बेटी पदक लाएगी।
पैरा एशियाई खेलों में भारत के 168 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें से 56 महिलाएं हैं। मीरापुर क्षेत्र के गांव हाशमपुर निवासी अनिल कुमार की बेटी प्रीति पाल भी भारतीय दल का हिस्सा हैं। प्रीति 100 और 200 मीटर दौड़ में प्रतिभाग कर रही है। मंगलवार को 200 मीटर टी-35 स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया है।
प्रीति के पिता अनिल कुमार ने बताया कि पैरा एशियाई खेलों में प्रीति ने गौरवान्वित किया है। अभी उसकी 100 मीटर दौड़ बाकी है, जिसमें पदक का रंग बदल सकती है।
उन्होंने बताया कि दशहरा पर्व जीवन में हमेशा याद रहेगा। इसकी दो वजहें हैं पहली प्रीति ने एशियाई खेलों में रजत पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया है। वहीं बड़ी बेटी नेहा की शादी के चलते पैतृक गांव से सदर ब्लॉक के कूकड़ा में परिवार समेत भात नौतने आए हैं।
इसी दौरान बेटी के पदक की सूचना मिली। जिससे खुशी दोहरी हो गई। कूकड़ा क्षेत्र के लोगों ने फूल-मालाओं और मिठाई खिलाकर डबल बधाई दी है। बेटी नेहा की शादी 21 नवंबर की है। प्रीति भी शादी में शामिल होगी। प्रीति की मां बालेश देवी, भाई अनिकेत और विवेक पाल ने जमकर जश्न मनाया और एक दूसरे को मिठाई खिलाई।
यह भी पढ़ें- Asian Para Games 2026: मां को खोया, नाना ने संभाला; अब देश के लिए दौड़कर मेरठ के अनुभव चौधरी ने जीता पदक
प्रीति पाल की उपलब्धियां
- एशियन पैरा गेम्स 2022-23 में चौथा स्थान।
- विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 में कांस्य पदक।
- इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2024 में गोल्ड मेडल।
- राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 2024 में गोल्ड मेडल।
- पेरिस पैरालिंपिक 2024 में 100 मीटर व 200 मीटर में कांस्य पदक।
- पेरिस पैरालिंपिक में शानदार प्रदर्शन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन अवार्ड दिया।
- जापान में चल रहे पैरा एशियाई खेलों में 200 दौड़ स्पर्धा में रजत पदक।
