श्रीराम के आदर्शो पर चलने व बुराइयां त्यागने का लिया संकल्प
असत्य पर सत्य बुराई पर अच्छाई अन्याय पर न्याय की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व जिले में धूमधाम व श्रद्धाभाव से मनाया गया। लोगों ने अपने घरों में गोबर के कूट बनाकर अस्त्र-शस्त्र का पूजन कर भगवान श्रीराम के आदर्शो पर चलने व बुराइयों का त्याग करने का संकल्प लिया। बहनों ने भाइयों के कान पर नौरते रखे। बदले में भाइयों ने नगदी व उपहार देकर उनकी रक्षा का वचन दिया।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। असत्य पर सत्य, बुराई पर अच्छाई, अन्याय पर न्याय की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व जिले में धूमधाम व श्रद्धाभाव से मनाया गया। लोगों ने अपने घरों में गोबर के कूट बनाकर अस्त्र-शस्त्र का पूजन कर भगवान श्रीराम के आदर्शो पर चलने व बुराइयों का त्याग करने का संकल्प लिया। बहनों ने भाइयों के कान पर नौरते रखे। बदले में भाइयों ने नगदी व उपहार देकर उनकी रक्षा का वचन दिया।
विजयादशमी पर्व रविवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। घरों में गोबर के कूट बनाकर अस्त्र-शस्त्रों के साथ जया-विजया, अपराजिता देवियों का पूजन किया गया। लोगों ने घरों में अस्त्र-शस्त्र पर कलावा बांधकर व रोली का टीका लगाकर भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना की। उनके आदर्शो पर चलने व बुराइयों का त्याग करने का संकल्प लिया। इसके बाद बहनों ने भाइयों के कान पर नौरते रखे। भाइयों ने बहनों को नगद धनराशि एवं उपहार भेंट कर उनकी रक्षा का वचन दिया। दशहरे पर कुछ बहनें भाइयों के घर पहुंचीं, जबकि कुछ भाई बहनों के घर पहुंचे। पूरे दिन सड़कों पर वाहन दौड़ते रहे। बस, कार व बाइक आदि से भाई अपनी बहनों के यहां नौरते रखवाने के लिए पहुंचे, जबकि कुछ बहनें भाइयों के यहां गई। इस दौरान मिठाई की दुकानों पर भीड़ देखी गई। ------- बजरंगदल, शिवसेना, क्रांतिसेना ने किया शस्त्र पूजन
मुजफ्फरनगर : बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने सरस्वती शिशु मंदिर साकेत वसंत विहार में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा हर्षोल्लास से मनाया। कायर्कर्ताओं ने शस्त्र पूजन किया। बजरंगदल प्रांत संयोजक विकास त्यागी, जिला संयोजक पीयूष राणा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विकास त्यागी ने कहा भगवान श्रीराम ने शास्त्र का समायोजन करते हुए शस्त्र से दशानन रावण का वध कर बुराई पर अच्छाई की विजय स्थापित की थी। कार्यकर्ताओं को प्रभु श्रीराम के पद चिह्नों पर चलते हुए राष्ट्र और समाज की सेवा करने का आह्वान किया। पीयूष राणा ने शस्त्र और शास्त्र का महत्व बताया। बहन-बेटियों एवं राष्ट्र के सम्मान के लिए शस्त्र उठाने का भी आह्वान किया। संचालन जिला मंत्री विहिप अतुल त्यागी एडवोकेट किया व अध्यक्षता ललित माहेश्वरी ने की। सचिन त्यागी, अजय, पुनीत पुंडीर, शिवम मेघालान, अंकुर शर्मा, अंकित पाल, आयुष सिघल, रजत शर्मा, प्रतीक शर्मा, हेमांग कुच्छल, रवि पाल, युगांतर पुंडीर, सौरभ मित्तल, सोनू उपाध्याय, मनीष सैनी, सुमित शर्मा व अरुण मित्तल आदि उपस्थित रहे। इसके अलावा शिवसेना व क्रांति सेना ने भी शस्त्र पूजन किया।