आस्था में शिव-गंगा, दिल में बसा तिरंगा
यह देशभक्ति की मिसाल कायम करने वाली यात्रा बन गई। यात्रा में शिवभक्तों पर देशभक्ति का जज्बा नजर आया।
खतौली (मुजफ्फरनगर) : भगवान आशुतोष के जलाभिषेक को होने वाली कांवड़ यात्रा अब सिर्फ धार्मिक यात्रा नहीं रह गई, बल्कि यह देशभक्ति की मिसाल कायम करने वाली यात्रा बन गई। यात्रा में शिवभक्तों पर देशभक्ति का जज्बा नजर आया। कांवड़ व झांकियों पर तिरंगा लहराकर देशभक्ति का संदेश दिया गया। खतौली के अंतवाड़ा गांव के शिवभक्त 365 फुट लंबी तिरंगा कांवड़ लेकर आए, जो आकर्षक का केंद्र रही।
इस बार धार्मिक यात्रा में देशभक्ति का जज्बा खूब छलका। अधिकतर शिवभक्त अपनी कांवड़ पर या हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए नजर आए। बड़ी और सुंदर कांवड़ और झांकियों पर भी शान से तिरंगा लहराता हुआ नजर आया। कुछ शिवभक्तों ने भारत माता की सुदंर झांकी व कुछ ने तिरंगे के रंग की लाइटों से कांवड़ को सुंदर रूप दिया। डीजे लगी झांकियों में शिवभक्तों ने तिरंगा लेकर न सिर्फ देशभक्ति गीतों पर नृत्य किया, बल्कि देशभक्ति के नारे भी लगाए। डाक कांवड़ और बाइकर्स कांवड़िए भी देशभक्ति के रंग में रंगे दिखे। उनकी गाड़ियों व बाइकों पर भी तिरंगा लहराते नजर आए। इस बार कोई शिवभक्त 21 फुट, कोई 71 फुट, कोई 151 फुट लंबे तिरंगे के साथ कांवड़ लेकर आया। खतौली के अंतवाड़ा के सैनी समाज के लोग 365 फुट लंबी तिरंगे की कांवड़ लेकर आए।