यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आठवीं पास और ठगी के उस्ताद... फल-सब्जी के ऑनलाइन बिजनेस के नाम पर की 50 लाख रुपये से अधिक ठगे
आठवीं पास दो युवकों ने फल और सब्जी की ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर पांच फर्जी कंपनियां बनाकर 50 लाख ...और पढ़ें

HighLights
- फर्जी कंपनियों से फल-सब्जी के नाम पर ठगी
- आठवीं पास युवकों ने 50 लाख ठगे
- गृह मंत्रालय के पोर्टल से मिली शिकायत
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। आठवीं पास खतौली के दो युवकों ने फल एवं सब्जी की ऑनलाइन ट्रेडिंग के लिए पांच फर्जी कंपनियां बना लीं। इनके सहारे महाराष्ट्र और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में व्यापारियों से 50 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। त्रिपुरा के व्यापारी से ठगी के मामले में गृह मंत्रालय द्वारा विकसित पोर्टल प्रतिबिंब से शिकायत मिलने पर स्थानीय साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित कम दाम पर फल एवं सब्जी बेचने के नाम पर ठगी करते थे।
शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि गृह मंत्रालय द्वारा विकसित ऑनलाइन पोर्टल प्रतिबिंब से साइबर क्राइम थाना पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई थी कि इंटरनेट मीडिया (फेसबुक) पर फल व सब्जी विक्रेता कंपनियों के नाम से पेज बनाकर धोखाधड़ी की जा रही है। इनके मोबाइल नंबर व बैंक खाते मुजफ्फरनगर जनपद में संचालित मिले।
शुक्रवार रात कस्बा खतौली के मुहल्ला काजीयान निवासी अहमद नवाज पुत्र मोहम्मद उमेर और अमन पुत्र मोहम्मद चांद को खतौली में नहर पटरी मार्ग पर बालाजीपुरम के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि इंटरनेट मीडिया (फेसबुक) पर फर्जी कंपनी के नाम से पेज बनाए हुए हैं। उन पर फल व सब्जियों की फोटो अपलोड करने के साथ ही सस्ते दाम लिखकर बेचने के नाम पर ठगी करते थे।
इन राज्यों का बताया पता
कंपनियों का पता महाराष्ट्र, त्रिपुरा, गुजरात, केरल, तमिलनाडु का पता अंकित किया हुआ था। इनके नंबर पर व्यापारी फोन करते थे, जिनसे डील करने के बाद एडवांस रकम मंगाई जाती थी। जैसे ही खाते में पैसे आते, तो उस मोबाइल नंबर को ब्लाक करा देते थे, ताकि व्यापारी दोबारा संपर्क न कर सके। आरोपितों के कब्जे से चार बैंक पासबुक, तीन चेक बुक, नौ सिम कार्ड, तीन मोबाइल फोन, एक लैपटाप बरामद हुआ है। बरामद सिमकार्ड फर्जी आइडी पर प्राप्त किए गए हैं। आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
इन नाम से बनाई कंपनियां, डकार चुके लाखों रुपये
गिरफ्तार आरोपितों ने सैयद ट्रेडिंग कंपनी होलसेल महाराष्ट्र, अमन फ्रूट कंपनी, फ्रूट एंड वेजीटेबल, राइस पोर्टल और एएफसी फ्रूट बनाना होलसेल नाम से फर्जी कंपनी का पेज बनाया हुआ था। अब तक तमिलनाडु, महाराष्ट्र, वेस्ट बंगाल, तमिल नाडू, त्रिपुरा समेत अन्य राज्यों के लोगों से 50 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर चुके हैं। इनके खिलाफ 23 लाख 81 हजार 429 रुपये की धोखाधड़ी की 16 शिकायतें दर्ज हैं। इनके 12 बैंक खातों की जानकारी मिली है। इन सभी खातों में लगभग 30 लाख रुपये जमा बताए जा रहे हैं।
पहले से सब्जी-फल बेचने का काम, 2020 से शुरू की धोखाधड़ी
एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि आरोपित अहमद नवाज और अमन आठवीं पास हैं। पहले से ही इनका काम फल-सब्जी बेचने का है। वर्ष 2020 से इन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी शुरू की। आरोपित पार्टनरशिप में यह कार्य करते थे। कोलकाता और महाराष्ट्र पुलिस भी इनकी तलाश में जुटी थी। बताया कि आरोपितों ने ठगी के पैसों से वेन्यू, टीयूवी कार, अपाचे बाइक समेत अन्य वाहन और मकान भी खरीदा है। साथ ही अपना कर्ज भी चुकाया था।
