पंडित जवाहरलाल नेहरू ने स्वामी कल्याणदेव को कहा था 'उत्तर प्रदेश का गांधी', शुकतीर्थ आए थे प्रथम प्रधानमंत्री
पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 1958 में शुकतीर्थ का दौरा किया था, जहाँ उन्होंने किसानों को अन्न उत्पादन में आत्मनिर्भरता का ...और पढ़ें

शुकतीर्थ में 1958 में कार्तिक गंगा स्नान मेले में पहुंचे प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू। सौ.शुकदेव आश्रम
HighLights
नेहरू ने 1958 में शुकतीर्थ का ऐतिहासिक दौरा किया।
अन्न उत्पादन में आत्मनिर्भरता का संकल्प दिलाया था।
स्वामी कल्याणदेव को 'उत्तर प्रदेश का गांधी' कहा।
जागरण संवाददाता, भोपा (मुजफ्फरनगर)। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। बच्चों के चहेते चाचा नेहरू का मुजफ्फरनगर की पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ से भी ऐतिहासिक नाता रहा है। वर्ष 1958 में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के अवसर पर नेहरू यहां पहुंचे थे। उन्होंने गंगा किनारे जुटे हजारों किसानों को संबोधित करते हुए देश को अन्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प दिलाया था। इसी दौरान उन्होंने शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याणदेव जी महाराज को 'उत्तर प्रदेश का गांधी' कहकर संबोधित किया था।
गंगा तट पर नेहरू को सुनने उमड़े थे किसान
शुकदेव पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज बताते हैं कि पूज्य गुरुदेव स्वामी कल्याणदेव महाराज के निमंत्रण पर 26 नवंबर 1958 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू कार्तिक गंगा स्नान मेले में शामिल होने शुकतीर्थ पहुंचे थे। उनके आगमन की खबर पर आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान उन्हें सुनने के लिए उमड़ पड़े थे।
गंगा किनारे रेत के मैदान में ऊंचा मंच बनाया गया था, जिस पर स्वामी कल्याणदेव जी महाराज और पंडित नेहरू विराजमान हुए थे। नेहरू ने किसानों से अधिक अन्न पैदा कर देश को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया था। इस ऐतिहासिक मुलाकात में उन्होंने स्वामी कल्याणदेव जी को ''उत्तर प्रदेश का गांधी'' कहकर उनके सामाजिक और शैक्षिक योगदान का सम्मान किया था।
आज भी कार्तिक पूर्णिमा पर शुकतीर्थ में लगने वाले गंगा स्नान मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। गंगा में पुण्य की डुबकी लगाने के साथ ही श्रद्धालु शुकदेव आश्रम और अन्य मंदिरों में दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त करते हैं। बाल दिवस के अवसर पर चाचा नेहरू की शुकतीर्थ यात्रा का यह प्रसंग मेले के गौरवशाली इतिहास की याद दिलाता है।