प्रदेश में आलू से महंगा है बालू : उत्तम
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, 2019 में बनेगी गठबंधन की सरकार। कुंभ में श्रद्धा से खिलवाड़, अरबों रुपये पानी में बहा रही सरकार।
मुजफ्फरनगर : सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भाजपा की नीतियों को किसान विरोधी बताया। कहा कि सूबे में भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर है। अवैध खनन के कारण बालू की कीमत आलू से भी ज्यादा हो गई है। प्रयागराज में कुंभ के नाम पर घोटाला कर श्रद्धा से खिलवाड़ किया जा रहा है। जनता का अरबों रुपया पानी की तरह बहाया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्य नहीं हुए। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने बेरोजगारी बढ़ा दी है।
मेरठ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर बुधवार को पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। हत्या, दुष्कर्म व लूट की वारदातों से जनता भयभीत है। पिछले वर्ष का 450 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। पर्ची न मिलने से किसानों को औने-पौने भाव में कोल्हुओं में गन्ना डालना पड़ रहा है। आलू किसान भी आर्थिक तंगी में हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, भाजपा सरकार भ्रष्टाचार से घिरी है। राफेल विमान खरीदारी और फसल बीमा योजना में घालमेल है। भाजपा से परेशान जनता अब परिवर्तन चाहती है। वर्ष 2019 में गठबंधन की सरकार बनेगी। सपा, बसपा और रालोद का गठबंधन प्रदेश से भाजपा का सफाया कर देगा। इस दौरान फूलपुर सांसद नगेंद्र पटेल व जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप आदि भी मौजूद रहे।