मुजफ्फरनगर में महिला की हत्या कर गंग नहर किनारे फेंकी लाश, मुंह पर बंधी थी टेप
मुजफ्फरनगर के खतौली में चौधरी चरण सिंह गंग नहर पटरी मार्ग पर एक महिला का शव मिला है। महिला का ...और पढ़ें

महिला की फाइल फोटो
संवाद सहयोगी, खतौली (मुजफ्फरनगर)। महिला की हत्या कर शव चौधरी चरण सिंह गंग नहर पटरी मार्ग पर नहर किनारे फेंक दिया गया। महिला का मुंह टेप से बंधा था। महिला शनिवार शाम साढ़े पांच बजे से लापता थी।
बुधवार दोपहर लोगों ने चौधरी चरण सिंह गंग नहर पटरी मार्ग पर बालाजीपुरम कालोनी के सामने गंग नहर किनारे 45 वर्षीय महिला का शव देख पुलिस को सूचित किया। सीओ राम आशीष व इंस्पेक्टर दिनेशचंद्र बघेल मौके पर पहुंचे। महिला के शरीर पर चोट या घाव के निशान नहीं मिले।
संभवत पूरे चेहरे को टेप से बांधकर हत्या की गई। महिला की पहचान कस्बे के मुहल्ला तगान सैनी वाली निवासी ममता पत्नी किशनपाल उर्फ कालिया के रूप में हुई। महिला शनिवार शाम साढ़े पांच बजे से लापता थी। महिला का पति मानसिक रूप से कमजोर है। महिला ही घरों में कार्य कर चार बेटियों का पालन-पोषण करती थी।
बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। आशंका है कि किसी स्थान पर उसकी हत्या कर रात में शव को वाहन से यहां फेंका गया। इस दौरान अन्य वाहन के आने के कारण हत्यारे शव को नहर में फेंकने में सफल नहीं हो सके और घबराहट में शव डिवाइडर के बीच फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
