मुजफ्फरनगर में बैंक कर्मियों ने ग्राहकों के खातों से उड़ाए करोड़ों रुपये, बिना इजाजत दूसरे खातों में डायवर्ट की रकम
मुजफ्फरनगर में यूपी ग्रामीण बैंक की बुढ़ाना शाखा में 8.56 करोड़ रुपये के गबन का खुलासा हुआ है। तत्कालीन शाखा ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
मुजफ्फरनगर में यूपी ग्रामीण बैंक में 8.56 करोड़ का गबन।
तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत चार बैंक कर्मी आरोपी बनाए गए।
ग्राहकों के खातों से बिना अनुमति रकम निकालकर की गई धोखाधड़ी।
संवाद सूत्र, मुजफ्फरनगर। यूपी ग्रामीण बैंक शाखा की जांच में बड़े पैमाने पर गबन का राजफाश हुआ है। तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत चार कर्मचारियों ने मिलीभगत कर लगभग 8.56 करोड़ रुपये का गबन किया है। यह रकम उपभोक्ताओं की बिना स्वीकृति के उनके खातों से निकाली और दूसरे खातों में भेजी गई है। जांच में वृहद स्तर पर संदिग्ध लेनदेन भी सामने आया है।
शाखा के क्षेत्रीय कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक की ओर से तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत चार बैंक कर्मियों के विरुद्ध बुढ़ाना थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। बुढ़ाना थाने में क्षेत्रीय कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक नवदीप सिंह ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि 18 सितंबर को समीक्षा के दौरान बुढ़ाना शाखा में गड़बड़ी की जानकारी हुई। अगले दिन 19 सितंबर से विस्तृत जांच आरंभ की गई।
जांच में सामने आया कि मूलरूप से बागपत के गांव दाहा व हाल पता आफिसर सिटी-2 राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद निवासी तत्कालीन शाखा प्रबंधक रूपक राणा, सहायक प्रबंधक नेहा दिलवालिया निवासी ब्रह्मपुत्री एन्क्लेव, सिद्धार्थ विहार, गाजियाबाद, सहायक प्रबंधक विकास कुमार निवासी सराय नजर अली, गाजियाबाद तथा आफिस असिस्टेंट गौरव अग्रवाल निवासी बचन सिंह कालोनी, नई मंडी, मुजफ्फरनगर ने मिलकर उपभोक्ताओं के खातों से रकम निकाली है।
आरोपितों ने उपभोक्ताओं के खातों से रकम निकाल कर दूसरे खातों में भेजी है। जांच के दौरान ग्राहक खातों के लेन-देन, अभिलेखों, वाउचर, ग्राहक मैंडेट, प्राधिकरण, सिस्टम में दर्ज प्रविष्टियों, आडिट ट्रेल से भी छेड़छाड़ की गई है। ऐसे कई संदिग्ध लेन-देन सामने आए, जिनमें ग्राहक खातों से धनराशि को वैध ग्राहक मैंडेट अथवा प्राधिकरण के बिना तृतीय-पक्ष खातों में रकम डायवर्ट की गई है।
प्राथमिक जांच में गबन की राशि फिलहाल आठ करोड़ 56 लाख 11 हजार तीन सौ से अधिक पाई गई है। बताया गया है कि यूपी ग्रामीण बैंक शाखा देशभर से रकम का लेनदेन करने के अलावा विदेश तक में रकम भेज सकती है। इसके चलते आशंका है कि आरोपितों ने मिलकर विदेश में भी किसी शाखा में रुपये ट्रांसफर तो नहीं किए हैं। इसकी जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
