विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ-पौड़ी राजमार्ग चौड़ीकरण : मुजफ्फरनगर में निर्माण हटाने पर ग्रामीणों का हंगामा, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

By Sonu Dhimal Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 04 Oct 2026 04:28 PM (IST)

मेरठ-पौड़ी राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए मुजफ्फरनगर के कैलापुर जसमौर गांव में अधिग्रहण की गई भूमि पर बने निर्माणों को ...और पढ़ें

मीरापुर के गांव कैलापुर जसमौर में राजमार्ग चौड़ीकरण की जद में आए निर्माणों को हटाती जेसीबी। जागरण

मीरापुर के गांव कैलापुर जसमौर में राजमार्ग चौड़ीकरण की जद में आए निर्माणों को हटाती जेसीबी। जागरण

HighLights

  1. मेरठ-पौड़ी राजमार्ग चौड़ीकरण के लिए निर्माण हटाए गए।

  2. मुजफ्फरनगर के कैलापुर जसमौर गांव में विरोध प्रदर्शन।

  3. ग्रामीणों ने मुआवजे की कमी होने का आरोप भी लगाया।

संवाद सूत्र, मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। गांव कैलापुर जसमौर में मेरठ-पौड़ी राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहण की गई भूमि पर बने मकानों को हटाने पहुंची एनएचएआइ की टीम और प्रशासन को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। प्रशासन ने विरोध के बावजूद पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से निर्माणों को ध्वस्त करा दिया।

मेरठ-पौड़ी राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए राजमार्ग के दोनों ओर भूमि अधिग्रहीत की गई है। गांव कैलापुर जसमौर में पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले कई माह से धरने पर बैठे थे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मुआवजा नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए राजमार्ग की जद में आए मकानों, दुकानों और अन्य भवनों को नहीं हटाया था। हालांकि एनएचआएइ और प्रशासन का दावा है कि सभी प्रभावितों को मुआवजा दिया जा चुका है।

शनिवार को एनएचएआइ के एसडीओ आशीष शर्मा और नायब तहसीलदार बृजेश कुमार टीम के साथ खाता संख्या 370 में राजमार्ग की जद में आए निर्माणों को हटवाने पहुंचे। इस दौरान वहां बने मकानों में रहने वाले ग्रामीणों ने पूरा मुआवजा नहीं मिलने की बात कहते हुए निर्माण हटाने का विरोध किया। ग्रामीणों ने एनएचएआइ और प्रशासन पर कुछ लोगों के दबाव में आकर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाते हुए बताया कि सभी प्रभावितों को मुआवजा दिया जा चुका है। इस बात का कुछ ग्रामीणों ने समर्थन भी किया, लेकिन प्रभावित भवनों में रह रहे ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का विरोध बढ़ने पर एनएचएआइ के एसडीओ और नायब तहसीलदार ने पुलिस को मौके पर बुला लिया। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच जमकर तीखी झड़प हुई। इसके बाद प्रशासन ने विरोध के बावजूद बुलडोजर से राजमार्ग की जद में आए निर्माणों को ध्वस्त करा दिया।