विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर के 50 गांवों को मिलेगी रोडवेज बसों की सौगात, जलालाबाद डिपो से होगा संचालन

By Dilshad Ali Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 20 Nov 2026 06:20 AM (IST)

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के चरथावल-थानाभवन मार्ग पर बसे करीब 50 गांवों को जल्द ही रोडवेज बसों की सुविधा मिलेगी, जिससे ग्रामीणों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को आवागमन में राहत मिलेगी।

प्रतीकात्‍मक फाेटो

प्रतीकात्‍मक फाेटो

HighLights

  1. चरथावल-थानाभवन मार्ग पर बसे करीब 50 गांवों के लोगाें को मि‍लेगी राहत।

  2. जलालाबाद डिपो को 20 बसें मिलने के बाद क्षेत्र में परिवहन सुविधा बेहतर होगी। ।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। चरथावल-थानाभवन मार्ग पर बसे करीब 50 गांवों के लोगों को जल्द ही रोडवेज बसों की सुविधा मिलने जा रही है। लंबे समय से इस मार्ग पर बसों का संचालन शुरू कराने की मांग कर रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

इसके लिए मुजफ्फरनगर रोडवेज से जलालाबाद डिपो को 20 बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। जलालाबाद रोडवेज स्टेशन से चरथावल मार्ग पर बसों का संचालन होगा।

क्षेत्र में नियमित रोडवेज बस सेवा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना जिला मुख्यालय व आसपास के कस्बों में आने-जाने वाले यात्रियों को प्राइवेट बसों, निजी वाहनों या अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है।

कई बार बसों की कमी के चलते यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में ग्रामीण काफी समय से इस मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराने की मांग उठा रहे थे। करीब 50 गांवों के लोगों की ओर से रोडवेज अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया जा चुका है।

भारतीय किसान यूनियन के एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराने के लिए कई बार धरना-प्रदर्शन किया गया। ग्रामीणों की समस्या को लेकर हाल ही में रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक को भी पत्र लिखकर बस सेवा शुरू कराने की मांग की गई थी।

लंबे समय से ग्रामीण इस समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि जलालाबाद डिपो को मुजफ्फरनगर रोडवेज से 20 बसें मिलने के बाद क्षेत्र में परिवहन सुविधा बेहतर होगी। बसों का संचालन शुरू होने से ग्रामीणों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को भी रोजाना आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिल सकेगी।

जलालाबाद डिपो के संचालन के बाद थानाभवन चरथावल मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराया जाएगा। मुजफ्फरनगर डिपो की 20 बसों को जल्द ही जलालाबाद डिपो भेजा जाएगा। रोडवेज बसों के संचालन के इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी। -योगेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।