विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान डकैती और आगजनी के मामले में 13 साल बाद आया फैसला, कोर्ट ने 15 आरोपियों को किया दोषमुक्त

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:43 AM (IST)Updated: Tue, 24 Nov 2026 12:51 AM (IST)

मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान डकैती और आगजनी के एक मामले में 13 साल बाद 15 आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. 2013 मुजफ्फरनगर दंगे के मामले में न्यायालय का फैसला।

  2. डकैती और आगजनी के 15 आरोपितों को बरी किया गया।

  3. गवाहों के पक्षद्रोही होने से साक्ष्य का अभाव रहा।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। सांप्रदायिक दंगे के दौरान मुस्लिम समाज के घरों में डकैती डालने के साथ आगजनी के एक मामले में न्यायालय ने 15 आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया। इस मुकदमें में 25 से अधिक लोगों को नामजद करने के साथ अज्ञात के विरुद्ध धार्मिक उन्माद भड़काने, लूटपाट के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिनमें 15 के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल हुई थी।

एक आरोपित की सुनवाई के दौरान मौत हो चुकी है। अभियोजन पक्ष ने तीन सगे भाइयों समेत पांच गवाह पेश किए, लेकिन सभी पक्षद्रोही हो गए। सोमवार को साक्ष्य के अभाव में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय, फास्ट ट्रैक कोर्ट-प्रथम के न्यायाधीश ने आरोपितों को दोषमुक्त करने का निर्णय सुनाया है।

जानसठ के गांव कवाल में 27 अगस्त 2013 को शाहनवाज की हत्या के बाद आक्रोशित मुस्लिम समाज के लोगों ने मलिकपुरा निवासी ममेरे-फुफेरे भाइयों सचिन एवं गौरव की घेरकर हत्या कर दी थी। दोनों युवकों की हत्या के बाद धार्मिक उन्माद की चिंगारी सुलग उठी थी। हत्या के बाद हिंदू संगठन समेत समाज के लोगों ने सात सितंबर 2013 को जानसठ के ही नंगला मंदौड़ के मैदान में शोकसभा के साथ बेटी बचाओ पंचायत की थी।

पंचायत से लौट रहे लोगों पर विभिन्न स्थानों पर हमले किए गए थे। इसके बाद जिले में सांप्रदायिक दंगा भड़क उठा था। अभियोजन पक्ष के अनुसार फुगाना थाना के गांव फुगाना निवासी सलीम पुत्र समतुल्लाह ने दर्ज कराए मुकमदे में बताया था कि आठ सितंबर 2013 की रात उसके घर पर हिंदू पक्ष के लोगों ने धार्मिक नारेबाजी करते हुए हमला कर दिया।

आरोपितों ने धारदार हथियारों के साथ उनके मकान में लूटपाट की और आगजनी कर फरार हो गए। हमले में वह और उसके स्वजन घायल हुए थे। इस मामले में 27 लोगों को नामजद तथा दर्जनों अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया। लगभग 13 साल से मुकदमे की सुनवाई हुई। जिसमें अभियोजन ने वादी सलीम व उसके दो भाइयों, अरविंद समेत पांच गवाह पेश किए।

सभी गवाह अपने बयान से मुकर गए। बचाव पक्ष के अधिवक्ता सौराज सिंह और राहुल चौधरी ने बताया कि गवाहों के पक्षद्रोही होने तथा साक्ष्य के अभाव में न्यायालय ने सोमवार को गौरव वर्मा, सुमित, अजीत, गौरव पुत्र अमर पाल, नितिन, योगेश, पुष्पेंद्र, मोन्टी, विकास, योगेश, विनोद, पंकज शर्मा व जितेंद्र पुत्र वीर सिंह को दोषमुक्त कर दिया।

वहीं एक आरोपित राकी की इसी मुदकमे से संबंधित दो पृथक पत्रावलियाें पर सुनवाई हुई। उसके विरुद्ध आइपीसी की धारा 153ए (धर्म, जाति, भाषा आदि के आधार पर समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने) के आरोप में सुनवाई हुई। आरोपित को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया।

इन लोगों के विरुद्ध हुआ था मुकदमा

अभियोजन पक्ष के अनुसार फुगाना थाने में राकी, गौरव, सुमित, अरविंद, अजीत, गौरव पुत्र अमरपाल, सुभाष, कपिल, रतन सिंह, नितिन, विशाल, योगेश, सचिन, पुष्पेंद्र, विपिन, मोन्टी, रविंद्र, विकास गोस्वामी, योगेश, विनोद, हरपाल सिंह प्रधान, धर्म सिंह प्रधान, राजकुमार, पंकज, जितेंद्र, मास्टर शीशपाल, सुनील के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था। इनमें 15 के विरुद्ध चार्जशीट आई थी। अभियोजन पक्ष ने बताया कि एक आरोपित राजकुमार की सुनवाई के दौरान मौत हो चुकी है।

गवाह बोले, हमने नहीं देखी घटना

बचाव पक्ष के अधिवक्ता राहुल चौधरी ने बताया कि वादी सलीम और उनके दोनों भाइयों ने न्यायालय में गवाही दी कि उन्होंने घटना होते नहीं देखा है। वह आठ सितंबर 2013 से पहले ही अपने गांव को छोड़कर चले गए थे। उन्होंने उनके घरों में लूटपाट एवं आगजनी की वारदात करने वालों को देखा है। वहीं एक गवाह अरविंद ने भी घटना के बारे में इन्कार कर दिया।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर: पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या, 3 बाइकों पर सवार होकर आए 6 बदमाशों ने दि‍या वारदात को अंजाम  

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।