विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर की उत्तरी रामपुरी को मिली जल निकासी समस्या से मुक्ति, 24.96 करोड़ का एसटीपी स्वीकृत

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:52 PM (IST)

मुजफ्फरनगर की उत्तरी रामपुरी में जल निकासी की डेढ़ दशक पुरानी समस्या का समाधान होने जा रहा है। शासन ने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. उत्तरी रामपुरी की जल निकासी समस्या का होगा स्थायी समाधान।

  2. 24.96 करोड़ रुपये से एसटीपी और नाला निर्माण स्वीकृत।

  3. नवयुग पालिका योजना के तहत एक वर्ष में होगा कार्य पूरा।

जागरण संवाददााता, मुजफ्फरनगर। शहर की उत्तरी रामपुरी की जल निकासी की समस्या का जल्द समाधान होगा। शासन स्तर से नवयुग पालिका योजना के तहत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और नाला निर्माण किया जाएगा। शासन स्तर पर प्लांट के लिए राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने 24.96 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा था, जिसे गुरुवार को स्वीकृति मिल गई है। पालिका ने पहले चरण के लिए 16.49 करोड़ रुपये की मांग की है। दोनों काम पूरे होने में लगभग एक वर्ष लगेगा।

उत्तरी रामपुरी में जलभराव और जल निकासी की लगभग डेढ़ दशक पुरानी समस्या है। यहां बरसात में जलभराव होने के कारण मकानों, दुकानों तक गंदा पानी पहुंच जाता है। जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने के लिए पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने अधिशासी अधिकारी पवन कुमार और अधिशासी अभियंता जल निगम अबू जैद के माध्यम से कालोनी का निरीक्षण कर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की योजना बनाई।

इसके बाद राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने डीपीआर और प्रस्ताव तैयार कराया। इसे शासन स्तर पर स्वीकृति के लिए भिजवाया गया है। राज्यमंत्री कपिलदेव ने नगर विकास मंत्री एके शर्मा और फिर नगर विकास विभाग के सचिव पी. गुरुप्रसाद से मिलकर जल निकासी की समस्या रखी थी। उसके बाद शासन स्तर से प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है।

नवयुग पालिका योजना के तहत मिलेगा बजट

इससे पहले इसमें लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, जल निगम के अधिशासी अभियंता, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका और सहायक अभियंता निर्माण ने मिलकर डीपीआर का परीक्षण किया है। प्रस्ताव के सापेक्ष बजट दो चरण में मिलेगा। परियोजना पर 24.96 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह बजट नवयुग पालिका योजना के तहत मिलेगा। इसमें 8.46 करोड़ रुपये से एसटीपी तथा रुड़की रोड से शाहबुद्दीनपुर, मिमलाना तक नाला निर्माण पर 16.49 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

आंकड़े से समझें

  • 15 साल से बनी समस्या
  • 6 एमएलडी का एसटीपी
  • 24 करोड़ रुपये कुल अनुमानित लागत
  • 8.49 करोड़ रुपये से बनेगा एसटीपी
  • 16.49 करोड़ रुपये से नाला निर्माण

वार्ड 15 की आबादी

वार्ड-15 उत्तरी रामपुरी की वर्तमान में आबादी 21,465 है, जो वर्ष 2028 में बढ़कर 22,652 होगी। जबकि वर्ष 2043 में 33,422 तथा वर्ष 2058 में 44,870 हो जाएगी। इसी के आधार पर एसटीपी बनेगा।

उत्तरी रामपुरी में एसटीपी और नाला निर्माण के लिए शासन को पत्र लिखकर बजट मांगा गया है। दोनों बड़े कार्य हैं, जिनके निर्माण पर लगभग 24.96 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इसके लिए दो चरणों में बजट मांगा गया है। पहले चरण में 16.49 करोड़ रुपये की मांगे गए हैं।

-पवन कुमार, ईओ, नगर पालिका मुजफ्फरनगर

जल निकासी की समस्या होने के कारण उत्तरी रामपुरी में जलभराव होता है। इसके लिए एसटीपी और नाला निर्माण कराया जाएगा। नवयुग पालिका योजना के तहत यह कार्य किया जाएगा। गुरुवार को बजट के लिए शासन स्तर पर ईओ के माध्यम से पत्र भिजवाया गया है। बजट मिलते ही निर्माण शुरू किया जाएगा।

-मीनाक्षी स्वरूप, पालिकाध्यक्ष, नगर पालिका मुजफ्फरनगर।

रामपुरी, उत्तरी रामपुरी, शाहबुद्दीनपुर रोड, एकता विहार, मिमलाना रोड, रमालीला टिल्ला रोड, लद्दावाला क्षेत्र के लिए उपहार मिला है। जल निगम और पालिका के माध्यम से एसटीपी व नाला निर्माण का प्रस्ताव बनवाकर नगर विकास मंत्री एके शर्मा को भेजा गया। प्रमुख सचिव नगर विकास पी गुरुप्रसाद से व्यक्तिगत आग्रह किया। इसके फलस्वरूप प्रस्ताव स्वीकृत हुआ। जल्द ही टेंडर कराकर निर्माण शुरू करा देंगे।

-कपिलदेव अग्रवाल, राज्यमंत्री, उत्तर प्रदेश।

 

यह भी पढ़ें- बरेली में भारी बारिश का अलर्ट: नगर निगम कर्मचारियों की 4 दिन की छुट्टी रद्द, जल निकासी के लिए अफसर फील्ड में तैनात

यह भी पढ़ें- वाराणसी में एमएलसी एवं मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के वार्ड में दो हफ्ते से जलजमाव, जल निकासी की व्यवस्था नदारद