बरेली में भारी बारिश का अलर्ट: नगर निगम कर्मचारियों की 4 दिन की छुट्टी रद्द, जल निकासी के लिए अफसर फील्ड में तैनात
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बरेली में भारी वर्षा के अलर्ट के मद्देनजर जलभराव से निपटने की तैयारियों का ...और पढ़ें

सिटी रेलवे स्टेशन के पास जलनिकासी व्यवस्था को लेकर निरीक्षण करते नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, साथ में अन्य अभियंता। सौ. निगम
HighLights
जलभराव नहीं हो इसके लिए निर्माण, जलकल और स्वास्थ्य विभाग को सक्रिय रहने के दिए निर्देश
जागरण संवाददाता, बरेली। शहर में शुक्रवार को रिमझिम वर्षा के साथ शनिवार को भारी वर्षा का अलर्ट जारी होते ही निगम प्रशासन सक्रिय हो गया। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने शनिवार से अगले चार दिन तक सभी निगमकर्मियों की छुट्टी पर रोक लगा दी।
साथ ही निर्माण, जलकल, स्वास्थ्य विभाग के सभी शीर्ष अधिकारियों को फील्ड में रहकर पल-पल की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। इसके लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से निगरानी की जाएगी।

मौसम विज्ञानियों की ओर से शहर में तीन दिन तक भारी वर्षा की संभावना का अलर्ट जारी होने के बाद नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी व अन्य अधिकारियों के साथ शुक्रवार दोपहर मढ़ीनाथ, सिटी रेलवे स्टेशन व बाकरगंज क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था का हाल देखने पहुंचे।
रेलवे अधिकारियों से स्टेशन परिसर में हो रहे जलभराव, अंडरपास में भरते पानी के निकासी को लेकर मंथन किया। मुख्य अभियंता को तत्काल ठोस प्रबंध करने के साथ पंपसेट आदि व्यवस्था को भी विकल्प के रुप में रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद देर शाम निर्माण, स्वास्थ्य और जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर निचले क्षेत्र में जलभराव से निपटने की तैयारियों को जाना। पंप सेट और संपवेल से जलनिकासी कराने के निर्देश दिए।
कहा कि सभी कर्मचारी-अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे, मोबाइल से ही वह अपने क्षेत्र में जलनिकासी को लेकर किए जा रहे प्रयासों को कमांड सेंटर से साझा करेंगे।

उल्लेखनीय है कि छह सितंबर को शहर में हुई रिकार्ड तोड़ 380 एमएम वर्षा से स्टेडियम रोड स्थित रेजिडेंसी गार्डन कालोनी, लाजपत नगर और अन्य क्षेत्रों में लोगों के घरों में पानी घुस गया था। नगर निगम की ओर से कई पंप सेट के साथ सुपर सकर मशीनें लगाकर जलनिकासी करानी पड़ी थी।
