विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खुशखबरी! विकास प्राधिकरण ने तैयार किया नई कालोनी का खाका, शासन स्तर से मिलेगा 50 प्रतिशत हिस्सा

By Dilshad Ali Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 12 Nov 2026 05:25 PM (IST)

मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण शेरनगर गांव में अपनी पहली नई कालोनी विकसित करने की तैयारी में है। इस परियोजना के लिए ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण शेरनगर में कालोनी बनाएगा।

  2. शासन से परियोजना के लिए 75 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए।

  3. एमडीए अपनी पहली कालोनी विकसित करने की तैयारी में।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने शेरनगर गांव में अपनी कालोनी विकसित करने का खाका तैयार किया है। इस कालोनी के निर्माण में शासन स्तर से 50 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा, जबकि शेष 50 प्रतिशत विभागीय स्तर से पूरा किया जाएगा। शासन ने मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण के तहत 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। भूमि की खरीद के लिए किसानों के साथ सहमति वार्ता की जा रही है। उसके बाद विभाग की राह आसान हो सकेगी।

शहर में आवास-विकास परिषद की शाकुंतलम कालोनी विकसित है, लेकिन एमडीए अपनी कोई कालोनी निर्मित नहीं कर सका है। जिले में महायोजना भी लागू है, जिसके अधीन विकास का खाका अधिक मजबूत किया जा रहा है। एमडीए उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या ने बताया कि विभागीय स्तर से मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं प्रोत्साहन योजना के तहत गांव शेरनगर में कालोनी निर्माण करने की तैयारी की है। इस गांव में लगभग 27 हेक्टेयर भूमि खरीदने के लिए प्राधिकरण 222 करोड़ रुपये खर्च करेगा।

विभाग का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिस पर गहनता से काम किया जा रहा है। पूरी योजना को शासन के समक्ष रखा गया। जिस पर शासन ने सहमति जताने के साथ योजना के लिए 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। कालोनी निर्माण पर आने वाली लागत में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी शासन से पूरी होगी, जबकि शेष 50 प्रतिशत विभाग अपने स्तर से पूरा करेगा। किसानों से भूमि खरीदने के लिए वार्ता की जा रही है। किसान भूमि देने के लिए इच्छुक भी हैं, लेकिन एमडीए लगभग 80 प्रतिशत किसानों की मंजूरी मिलने के बाद भूमि खरीद के लिए कदम उठाएगा।

पहले प्रयास हो गए थे विफल
शहर में प्राधिकरण अपनी पहली कालोनी विकसित करने की तैयारी कर रहा है। पूर्व में रुकनपुर और पीनना क्षेत्र में कालोनी बसाने की तैयारी की गई थी, लेकिन किसान भूमि नहीं दे सके थे। यहां भी लगभग 27 एकड़ में भूमि खरीदने की योजना थी। पूर्व में प्रस्ताव किसानों ने ठुकरा दिया था, इसके चलते अब विभागीय अधिकारी फूंक-फूंक कर कदम उठा रहे हैं।

शासन ने 75 करोड़ की स्वीकृति दी
शेरनगर गांव में कालोनी निर्मित करने के लिए किसानों के साथ वार्ता जारी है। शासन ने योजना के तहत 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। भूमि खरीदने की प्रक्रिया भी शीघ्र आरंभ की जाएगी। विभाग की यह पहली कालोनी होगी, जिसमें सभी तरह की सुविधा देने पर जोर दिया जा रहा है।-कुंवर बहादुर सिंह, सचिव, एमडीए, मुजफ्फरनगर।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।