प्राइवेट जॉब छोड़ सेना में लेफ्टिनेंट बने अभिषेक, परिवार के साथ-साथ मुजफ्फरनगर के जानसठ में खुशी की लहर
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के जानसठ निवासी अभिषेक धीमान ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी गया से सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद प्राप्त किया है।

पिता प्रदीप कुमार, माता श्वेता धीमान व बहन विपाशा धीमान के साथ लेफ्टिनेंट अभिषेक धीमान। सौ. स्वजन
HighLights
आफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी गया में प्राप्त किया कमीशन।
परिवार और जानसठ क्षेत्र में खुशी व गर्व का माहौल।
संवाद सूत्र, जानसठ (मुजफ्फरनगर)। सैन्य प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद आफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी गया में आयोजित पासिंग आउट परेड में जानसठ के मूल निवासी अभिषेक धीमान ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त किया।
उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है। अभिषेक ने अपनी सफलता से परिवार के साथ ही जानसठ क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है।
अभिषेक धीमान के पिता प्रदीप धीमान 2007 में एयरफोर्स में सार्जेंट के पद से रिटायर हुए थे। उसके बाद उन्होंने उसी वर्ष एयर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विस में असिस्टेंट जनरल मैनेजर के पद पर ड्यूटी ज्वाइन कर ली थी। अभी वह मोहननगर गाजियाबाद में रहते हैं। उन्होंने बताया कि अभिषेक ने 10वीं और 12वीं केंद्रीय विद्यालय दिल्ली आरके पुरम से की।
उसके बाद बीटेक दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी से की। उन्होंने कुछ दिन प्राइवेट नौकरी की, लेकिन सेना के भर्ती होकर देश सेवा करना उनकी प्राथमिकता में रहा। उनका सपना सच हुआ, वर्ष 2025 में चयन के बाद ट्रेनिंग हुई। पांच सितंबर को सैन्य प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद आफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी गया में आयोजित पासिंग आउट परेड में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त किया।
यह भी पढ़ें- परिवार की पांचवीं पीढ़ी के सैन्य अफसर बने लेफ्टिनेंट संकल्प सिंह, सेना में हासिल किया कमीशन
अभिषेक धीमान के माता-पिता ने बेटे को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की। अभिषेक धीमान की माता श्वेता धीमान पहले प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थीं, अब गृहिणी हैं।
यह भी पढ़ें- पिता को वर्दी में देख जागा देश सेवा का जज्बा, सेना में लेफ्टिनेंट बने B.Tech ग्रेजुएट हार्दिक
उनकी बहन विपाशा धीमान ने भी भाई की इस उपलब्धि पर गर्व जताया। उनकी इस उपलब्धि पर उनके दादा शिवनंदन धीमान और दादी माया देवी भी अभिभूत हैं। बेटे के सेना में अधिकारी बनने से परिवार में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। स्वजन ने कहा कि अभिषेक का भारतीय सेना में अधिकारी बनना पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है।
