विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर में अस्पताल में भर्ती तीन साल की बच्ची को मां के सामने से उठा ले गए कुत्ते, नोंचकर किया घायल

Published: Mon, 15 Jun 2026 02:30 AM (GMT+05:30)Updated: Mon, 15 Jun 2026 06:56 AM (GMT+05:30)

मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में भर्ती तीन साल की बच्ची को आवारा कुत्तों ने मां के सामने नोंचकर घायल कर दिया। ...और पढ़ें

अस्पताल में भर्ती तीन साल की बच्ची को कुत्तों ने नोंचा।

अस्पताल में भर्ती तीन साल की बच्ची को कुत्तों ने नोंचा।

HighLights

  1. तीन साल की बच्ची को आवारा कुत्तों ने नोंचा।

  2. बिजली गुल होने पर वार्ड से बाहर बैठी थी बच्ची।

  3. अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड के निकट मां के साथ बैठी तीन वर्षीय बच्ची को आवारा कुत्तों का झुंड दांतों में दबाकर ले गया। उसके बाद बच्ची को नोंचकर घायल कर दिया। बच्ची दो दिन से बीमार होने के कारण अस्पताल के बच्चा वार्ड में उपचाराधीन थी।

बच्ची की चींख-पुकार सुनकर तीमारदार और लोग दौड़ पड़े और किसी तरह से बच्ची को कुत्तों के हमले से बचाया। घायल बच्ची को तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराकर उपचार दिलाया गया।

गांव शेरपुर निवासी महिला इरम की तीन साल की बच्ची महरबा को उल्टी-दस्त हो गए थे। जिसके चलते स्वजन उसे शनिवार प्रात: जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर आए थे। यहां से उपचार के बाद बच्चा वार्ड में भर्ती कराया गया था। रविवार रात लगभग साढ़े आठ बजे अस्पताल की बिजली चली गई। जिस कारण कूलर-पंखें बंद हो गए।

गर्मी महसूस होने पर महिला इरम बेटी को लेकर बच्चा वार्ड के बाहर बैठ गई। उपचाराधीन बच्ची मां के सामने खेल रही थी, तभी आवारा कुत्तों का झुंड आया और उसे मुंह में दबाकर भाग गया। कुछ दूर जाकर बच्ची को नोंचकर घायल कर दिया।

यह भी पढ़ें- बांदा में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, चित्रकूट जा रहे 3 दोस्तों की मौत

चींख-पुकार सुनकर तीमारदार और लोग दौड़ पड़े और बच्ची को कुत्तों से छुड़ाकर इमरजेंसी में भर्ती कराकर एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाने के साथ उपचार दिलाया गया। बच्ची के पेट, दोनों पैर समेत हाथों को कुत्तों ने नोंच खाया। घटनाक्रम से अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

अस्पताल परिसर में घूम रहे आवारा कुत्तों का लोगों ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। सीएमएस डा. संजय कुमार वर्मा अस्पताल पहुंचे और बच्ची के स्वजन से जानकारी ली। सीएमएस के सामने लोगों ने कहा कि जिला अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों का झुंड घूमता रहता है। इनसे सुरक्षा के लिए माकूल प्रबंध नहीं है।

उधर, इस मामले को लेकर भाकियू तोमर के युवा प्रदेशाध्यक्ष अंकित गुर्जर ने सोमवार को जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन कर लापरवाही अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

दो दिन पहले आए एंटी रेबीज इंजेक्शन

जिला अस्पताल में एक सप्ताह से एंटी रेबीज के इंजेक्शन का टोटा बना है। शुक्रवार को शासन स्तर से एंटी रेबीज की लगभग 250 क्वाइल पहुंची है, इससे एक सप्ताह का ही काम चल सकता है। वहीं बिजली गुल होने पर अस्पताल में जनरेटर की व्यवस्था नहीं है। रविवार देर रात को बिजली जाने के बाद मां और बच्ची गर्मी के कारण वार्ड से बाहर आकर बैठी थी।

अस्पताल में भर्ती बच्ची अपनी मां के साथ बैठी थी, तभी कुत्तों ने उसे नोंच लिया। बच्ची का उपचार कराया गया है। आवारा कुत्तों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कराई जा रही है। इसके लिए रात में सुरक्षा कर्मियों को तैनात कराया जाएगा। विद्युत व्यवस्था के लिए जनरेटर लगा है। -संजय कुमार वर्मा, सीएमएस, जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर।