मुजफ्फरनगर में पुलिस चौकी के पास कुत्ते ने मचाया उत्पात, एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल; अस्पताल में भर्ती
मुजफ्फरनगर के शाहपुर में रविवार रात एक कुत्ते ने पुलिस चौकी के पास हमला कर एक दर्जन से अधिक लोगों ...और पढ़ें

HighLights
शाहपुर में कुत्ते ने एक दर्जन से अधिक लोगों को काटा।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार दिया गया।
तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
संवाद सूत्र, शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। पुलिस चौकी के समीप रविवार रात करीब 10 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कुत्ते ने हमला कर दिया और 10 से 15 मिनट के अंतराल में एक दर्जन से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया। इसमें पैदल व बाइक सवार लोग शामिल रहे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। तीन की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
शाहपुर चौकी के निकट मुख्य मार्ग पर चौराहा है। यहां से लोग चार पहिया के साथ ही दो पहिया से आ-जा रहे थे तो कुछ लोग पैदल चल रहे थे। इसी दौरान एक कुत्ता वहां पहुंचा और लोगों पर हमला कर काटना शुरू कर दिया। उसके सामने जो भी आया उसे घायल कर दिया।
कुत्ते के हमले में शाहपुर निवासी इकरार, महराज, ताहिर, संजय मित्तल, काकड़ा निवासी रोहित, गांव शाहडब्बर निवासी ओमबीर व मदीनपुर निवासी वाशु समेत एक दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। मरहम पट़्टी के साथ ही एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई। संजय मित्तल, ताहिर व महराज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों के साथ आए लोगो की भीड़ से सीएचसी के इमरजेंसी वार्ड में अव्यवस्था फैली रही। कस्बे के कई लोग कुत्ते को पिटबुल बता रहे थे, वहीं कुछ लोग आवारा कुत्ता बता रहे थे। लोग पुलिस के साथ देर रात तक लाठी-डंडे लेकर कुत्ते की तलाश करते रहे। चौकी इंचार्ज राहुल कुमार ने बताया कि पकड़े जाने के बाद ही पता चलेगा कि वह आवारा है या पालतू।
