बाबू ने 20 हजार की रसीद कटवाने को कहा तो ठेकेदार ने उतार फेंके अपने कपड़े व जूते, आरोप-प्रत्यारोप व हंगामा
मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट में ठेकेदार बिनेश कुमार ने रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और अपने कपड़े उतार दिए। ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर कलक्ट्रेट में बाबू द्वारा हैसियत प्रमाण पत्र बनाए जाने के एवज में 20 मांगने के विरोध में अपने कपड़े उतारता ठेकेदार।
HighLights
ठेकेदार ने रिश्वत मांगने का आरोप लगा अपने कपड़े उतारे।
लिपिक ने आरोपों को निराधार बताया, नियमानुसार रसीद।
प्रशासनिक अधिकारी ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत किया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। शुक्रवार को जिला कलक्ट्रेट में राजस्व विभाग के पटल पर हंगामा खड़ा हो गया। हैसियत प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया पूर्ण कराने आए ठेकेदार ने लिपिक पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। आक्रोशित युवक ने अपने कपड़े और जूते उतारकर लिपिक की मेज पर फेंक दिए। इससे कर्मचारियों में भी अफरातफरी मच गई।
राजस्व विभाग के दफ्तर में शुक्रवार को ठेकेदार बिनेश कुमार 55 लाख रुपये का हैसियत प्रमाण-पत्र बनाने के लिए आया था। ठेकेदार ने आवेदन पूर्व में कर रखा था, जिसकी प्रक्रिया चल रही थी। शुक्रवार वह सत्यापन कराने तथा विभागीय स्तर पर मांगे गए कागज जमा कराने के लिए आया था। ठेकेदार और पटल के लिपिक कुलदीप कुमार के बीच 20 हजार रुपये की रसीद कटवाने को लेकर विवाद हो गया।
ठेकेदार विनेश ने लिपिक कुलदीप कुमार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। उसे टोका गया तो उसने विरोध जताते हुए उसने अपने कपड़े और जूते उतारकर लिपिक की मेज पर फेंक दिए। इसके बाद कार्यालय में काफी देर तक हंगामा होता रहा। युवक का आरोप है कि उससे रिश्वत मांगी गई और रकम न देने पर उसकी फाइल रोक दी गई। इसी बात को लेकर वह राजस्व विभाग के कार्यालय पहुंचा और अपना विरोध जताने लगा।
वहीं, लिपिक कुलदीप कुमार ने ठेकेदार के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि 55 लाख रुपये के हैसियत प्रमाण पत्र के लिए नियमानुसार 20 हजार रुपये की लोकवाणी रसीद लगती है। ठेकेदार रसीद कटवाने के बजाय बिना रसीद के ही हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने का दबाव बना रहा था। हंगामा बढ़ने के बाद प्रशासनिक अधिकारी शैफाली मौके पर पहुंची और युवक को कार्यालय में बैठाकर उसकी समस्या सुनी है।