कार में आग लगने के बाद सेट्रल लाॅक होने से बाहर नहीं निकल सके युवक, 2 भाइयों समेत 6 जिंदा जले, DNA जांच से होगी पहचान
मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर हुए भीषण हादसे में हरियाणा के छह युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा नेशनल हाइवे पर जलती कार और हादसे में सुरक्षित सीएनजी सिलिंडर।
HighLights
हरियाणा से हरिद्वार जा रहे थे गंगा स्नान करने, पेट्रोल टंकी और बैटरी फटने से लगी आग।
हांसी और हिसार के निवासी थे, बुरी तरह जले शवों की पहचान के लिए होगी डीएनए जांच।
संवाद सूत्र, तितावी (मुजफ्फरनगर)। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह 4:40 बजे हुए भीषण हादसे में दो भाइयों समेत छह दोस्तों की मौत हो गई। कार सवार हरियाणा से गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे। जागाहेड़ी टोल प्लाजा से एक किलोमीटर पहले फ्लाईओवर के पास चालक को झपकी आने पर कार अनियंत्रित हो गई।
इसके बाद डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकराकर सड़क के दूसरी तरफ पलट गई। पेट्रोल टंकी और बैट्री फटने की वजह से कार में आग लग गई। इस दौरान सीएनजी टैंक सुरक्षित रहा। सेट्रल लाॅक होने की वजह से कोई भी बाहर नहीं निकल पाया। सभी की जिंदा जलकर मौत हो गई। सीएमओ सुनील तेवतिया ने बताया कि शवों की पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।
हरियाणा के हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र के गांव राखी गढ़ी निवासी 23 वर्षीय अंकित, 22 वर्षीय साहिल, 19 वर्षीय अंकित व उसका 21 वर्षीय भाई राहुल पुत्र समंदर, हिसार जिले के मोठ गांव 22 वर्षीय अजय व 24 वर्षीय अमन हुंडई की ओरा कार से रात लगभग एक बजे हरिद्वार के लिए निकले थे।
शामली होते हुए कार तितावी क्षेत्र के जागाहेड़ी के पास पहुंची तभी हादसे का शिकार हो गई। बाबरी निवासी गुलनवाज ने हादसे की जानकारी डायल 112 व दमकल विभाग टीम को दी। दमकल विभाग ने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। बुरी तरह जल जाने के कारण शव क्षत-विक्षत हो गए। दुर्घटनाग्रस्त होने पर कार की डिक्की खुल गई थी।
उसमें रखे दो बैग बाहर जा गिरे थे। पुलिस ने बैग से मिले आधार कार्ड व एक कंपनी के आइ कार्ड की मदद से पता लगाकर मृतक साहिल के भाई गोलू को हादसे की सूचना दी। स्वजन पहले तितावी थाने और फिर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। शाम चार बजे पोस्टमार्टम शुरू हुआ। एसएसपी सूरज कुमार राय भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
आग ने छह लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया
कार में लगी आग ने छह लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया। हादसे के दौरान कार में लगा सीएनजी सिलिंडर सुरक्षित रहा, वहीं बैट्री और पेट्रोल टैंक फटने के बाद कार आग के गोले में तब्दील हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही पल में पूरी कार उसकी चपेट में आ गई।
तितावी थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि कार में सीएनजी किट सुरक्षित थी। कार की बैट्री और पेट्रोल टैंक फटा हुआ था। हंडे औरा कार में कंपनी फिटेड सीएनजी थी। हादसे के बाद कार में आग लगने पर उसका सेंट्रल लाक सिस्टम सक्रिय हो गया। इससे कार के दरवाजे और खिड़कियां लाक हो गईं। अंदर बैठे युवकों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैलने के कारण कार सवारों को बचाने का मौका भी नहीं मिला। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। सीएनजी सिलिंडर सुरक्षित मिलने से उसके फटने की आशंका खत्म हुई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।