विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर में पूर्व बैंक मैनेजर पर धोखाधड़ी का आरोप, 10-15 ग्राहकों के खातों से गायब हुई रकम

Published: Sun, 20 Sep 2026 03:27 AM (IST)

मुजफ्फरनगर में यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा में लाखों रुपये के गबन का मामला सामने आया है, जिसमें पूर्व बैंक ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. यूपी ग्रामीण बैंक में लाखों रुपये के गबन का खुलासा।

  2. पूर्व प्रबंधक रूपक राणा पर धोखाधड़ी का आरोप लगा।

  3. 10-15 खाताधारकों के खातों से रकम गायब मिली।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। यूपी ग्रामीण बैंक शाखा के खाताधारकों के लाखों रुपये का गबन कर लिया गया। दो दिन पहले बैंक प्रबंधक का स्थानांतरण होने के बाद जब कुछ खाताधारक एंट्री कराने पहुंचे तो यह मामला खुला। इसके बाद बैंक में खाताधारकों की भीड़ लग गई। खाताधारकों ने बैंक मैनेजर पर गबन का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी आ गई।

बैंक में शनिवार शाम सात बजे तक टीम ने जांच-पड़ताल की। ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक यूसुफ खान को भी दो दिन पहले औचक निरीक्षण के दौरान शाखा में कुछ संदिग्ध प्रतीत हुआ था। जिस पर उन्होंने वर्तमान प्रबंधक को अपने स्तर से जांच करने के निर्देश दिए थे। मामले की जांच के लिए बैंक ने पांच सदस्यीय टीम का गठन किया है।

बैंक के पूर्व प्रबंधक रूपक राणा को निलंबित कर दिया गया है।बुढ़ाना के डीएवी रोड स्थित यूपी ग्रामीण बैंक शाखा में रूपक राणा प्रबंधक थे। उनका दो दिन पहले यहां से स्थानांतरण हो गया। उनकी जगह पर विभव कुमार नए प्रबंधक बने हैं। कई खाताधारकों ने अपनी पासबुक एंट्री के दौरान जमा रकम नहीं मिलने पर विभव कुमार से शिकायत की। शुक्रवार से लेकर शनिवार तक सूचना अन्य ग्राहकों तक पहुंची तो एंट्री कराने के लिए भीड़ लग गई।

उसके बाद प्रबंधक ने जिला मुख्यालय को सूचना दी। मुजफ्फरनगर से डिप्टी रीजनल मैनेजर नवदीप सिंह टीम के साथ जांच के लिए पहुंचे। ग्राहक अमित ने बताया कि उसने होम लोन लिया था और 10 लाख जमा किए थे, लेकिन उसके खाते में जमा की गई राशि नहीं दिख रही है। इसी तरह की शिकायत अन्य ग्राहकों ने की। अभी सभी खातों का स्टेटमेंट निकलवाया जा रहा है।

यूपी ग्रामीण बैंक के डिप्टी रीजनल मैनेजर नवदीप सिंह ने बताया कि 10-15 ग्राहकों की शिकायत आई है। बैंक के दैनंदिन कार्य में कोई रुकावट नहीं है। हर ग्राहक का पैसा सुरक्षित है। अभी मामले में कोई एफआइआर दर्ज नहीं कराई गई है। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री का कहना है कि बैंक अधिकारी जांच कर रहे हैं। जांच के बाद वे जो भी तहरीर देंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- 'राजा का जन्मदिन है, किसानों के लिए खोल दें खजाने का मुंह', मुजफ्फरनगर में भाकियू की महापंचायत में बोले राकेश टिकैत