भारत के पास विश्व को देने के लिए धर्म, अध्यात्म और जीवन मूल्यों की अमूल्य विरासत, शुकतीर्थ में बोले मोहन भागवत
भागवत कथा की उद्गम स्थली शुकतीर्थ पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि उन्होंने शुकतीर्थ की महत्ता और स्वामी कल्याण देव के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का आह्वान किया।

मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में श्री वेदव्यास मंदिर का लोकार्पण करते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत।
HighLights
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का भागवत कथा की उद्गम स्थली शुकतीर्थ में संबोधन।
व्यक्ति में संस्कार, समाज में समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण ही विकसित व सशक्त भारत का आधार बनेगा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने शुकतीर्थ में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का उल्लेख किया। कहा कि भारत के पास विश्व को देने के लिए धर्म, अध्यात्म और जीवन मूल्यों की अमूल्य विरासत है।
वेद, उपनिषद, श्रीमद्भागवत, रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथ मानव जीवन को दिशा देने वाले ज्ञान के स्रोत हैं। भारत की संत परंपरा तीर्थ, गंगा और आध्यात्मिक चेतना जीवन को संस्कारित करने का आधार है।
आत्म साक्षात्कार और परोपकार को जीवन के दो प्रमुख उद्देश्य बताते हुए कहा गया कि व्यक्ति को अपने भीतर सत्य की खोज करने के साथ-साथ समस्त समाज और विश्व के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए।
भागवत कथा की उद्गम स्थली शुकतीर्थ की आध्यात्मिक महत्ता का वर्णन करते हुए कहा कि यह वही पावन भूमि है, जहां भगवान वेदव्यास के पुत्र महर्षि शुकदेव ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत का ज्ञान देकर मोक्ष का मार्ग बताया था। भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन की कठिन परिस्थितियों में धैर्य, भक्ति, आत्मबल और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करने वाला दर्शन है।
इसी आध्यात्मिक विरासत के कारण शुकतीर्थ में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं और गंगा स्नान, पूजा-अर्चना तथा भागवत कथा के माध्यम से धर्म और संस्कृति से जुड़ते हैं।
भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी को अपने आदर्शों, कर्तव्यों और जीवन मूल्यों से जोड़ना आवश्यक है। व्यक्ति में संस्कार, समाज में समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण ही विकसित एवं सशक्त भारत का आधार बनेगा।
पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद ने स्वामी कल्याण देव महाराज के जीवन, तप, त्याग, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा गया कि उनका संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी जन-जन को प्रेरणा दे रहे हैं। सामाजिक समरसता और सामाजिक सुधार के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय है।
समाज में भेदभाव समाप्त कर सभी को एक सूत्र में पिरोने का संदेश देते हुए ‘एक मंदिर, एक कुआं और एक श्मशान’ की अवधारणा को सामाजिक एकता का प्रतीक बताया गया।
स्वामी कल्याण देव अभिनंदन ग्रंथ का विमोचन
मुजफ्फरनगर : शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद द्वारा स्वामी कल्याण देव महाराज के जीवन और संस्मरणों पर लिखे गए 'स्वामी कल्याण देव अभिनंदन ग्रंथ' का विमोचन भी किया गया। स्वामी ओमानंद ने कहा कि इस ग्रंथ के विमोचन की इच्छा लंबे समय से थी। डॉ. मोहन भागवत के कर कमलों से विमोचन होना विशेष सौभाग्य का क्षण है। उधर, डॉ. मोहन भागवत ने शुकतीर्थ में श्री वेदव्यास मंदिर का लोकार्पण भी किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।