गंगा की गोद में प्रवासी पक्षियों की मनमोहक अठखेलियां... यूं गुलजार हुआ गंगा बैराज और हैदरपुर वेटलैंड
गंगा बैराज और हैदरपुर वेटलैंड में साइबेरिया, रूस समेत मध्य एशिया से हजारों प्रवासी पक्षी पहुंचे हैं, जो लगभग चार ...और पढ़ें

रामराज के हैदरपुर वेटलैंड में पहुंचे प्रवासी पक्षी। सौ. आशीष लोया
HighLights
हैदरपुर वेटलैंड में हजारों प्रवासी पक्षियों का आगमन।
साइबेरिया, रूस समेत मध्य एशिया से पहुंचे ये पक्षी।
वेटलैंड बना पर्यटकों और पक्षी प्रेमियों का केंद्र।
जागरण संवाददाता, रामराज (मुजफ्फरनगर)। गंगा बैराज समेत हैदरपुर वेटलैंड इन दिनों प्रवासी पक्षियों से गुलजार है। गंगा की गोद में प्रवासी पक्षियों की अठखेलियां मन मोह रही हैं। साइबेरियन, रूस समेत मंगोलिया और मध्य एशिया से कई हजार किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद यहां पहुंचे हैं। यह प्रवासी पक्षी लगभग चार माह तक प्रवास करेंगे। यहां पर अपना प्रजनन के साथ खान-पान का ठिकाना बनाकर रखेंगे।
प्रवासी पक्षी पर्यटकों के लिए मनोरंजन का मुख्य केंद्र बने हैं। प्रवासी पक्षी सर्दियों में ऐसे स्थानों की तलाश करते हैं। जहां उन्हें अनुकूल मौसम भरपूर भोजन और सुरक्षित आवास मिल सके। हैदरपुर वेटलैंड में तीनों चीजें मौजूद हैं। यहां का शांत वातावरण उथला और गहरा जलक्षेत्र दलदली जमीन और जलीय वनस्पतियां इन पक्षियों के लिए भोजन का मुख्य स्रोत हैं। इस समय गैडवाल, टफ्टेड डक, यूरेशियन विजन, ग्रेट क्रेस्टेड ग्रीब, कामन पोचार्ड, कामन कूट, नार्दन शावलर लगभग 40 से अधिक प्रजातियां के पक्षी मौजूद हैं। दिसंबर के बाद इनकी संख्या 25 हजार तक पहुंचती है।
वेटलैंड में निरंतर पानी के साथ भोजन की उपलब्धता रहती है। गंगा की गोद में बसी यह झील जलीय जीवों के लिए भी महत्वपूर्ण है। उनकी अठखेलियां भी मनमोहती हैं। जैव विविधता के कारण वर्ष 2018 में इसका सर्वे होने के बाद वर्ल्ड वाइल्ड लाइफ ने इसे रामसर साइट घोषित किया। जिसके चलते यह देश में 47वां और उत्तर प्रदेश का 10वां रामसर स्थल है।
भरपूर भोजन और अनुकूल मौसम
पर्यावरणविद पक्षी विशेषज्ञ आशीष लोया बताते हैं कि इस समय वेटलैंड पर कई दुर्लभ प्रजातियों के पक्षी देखे जा रहे हैं। अभी तो शुरुआत है, दिसंबर और जनवरी में सर्दी बढ़ने के साथ ही यहां पक्षियों की संख्या 20 से 25 हजार तक पहुंच सकती है। इस वर्ष कई और नई प्रजातियों के आने की संभावना है। इन प्रवासी पक्षियों के लिए यहां पर्याप्त रुप से भोजन के साथ अनुकूल मौसम मिलता है।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
विदेशी पक्षियों के आने से वेटलैंड पर पर्यटकों और पक्षी प्रेमियों की आवाजाही भी बढ़ गई है। वन विभाग ने पक्षियों की सुरक्षा के लिए वेटलैंड क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। शिकारियों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। साथ ही पर्यटकों से अपील की जा रही है कि वे पक्षियों को परेशान नहीं करें। साथ ही वन कर्मियों ने गश्त बढ़ाया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।