मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर हादसा, ट्रक व टूरिस्ट बस की भिड़ंत... दो बच्ची समेत नौ श्रद्धालु घायल
मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर सिकरेड़ा गांव के पास एक ट्रक और टूरिस्ट बस की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो बच्चों सहित नौ श्रद्धालु घायल हो गए, जो कोटद्वार के सिद्धबली मंदिर जा रहे थे।

एम्बुलेंस में ही घायलों का उपचार करते चिकित्सक। जागरण
HighLights
ट्रक और टूरिस्ट बस की मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर हुई भिड़ंत।
हादसे में दो बच्चों समेत नौ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, चालक गिरफ्तार।
संवाद सूत्र, मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर गांव सिकरेड़ा के निकट एक ट्रक चालक ने दूसरी साइड आकर सामने से आ रही टूरिस्ट बस में टक्कर मार दी। हादसे में मुज़फ्फरनगर के अवध विहार निवासी ज्ञानेंद्र शर्मा पुत्र बलजोर, सीमा पत्नी पवन, अमरेश पुत्र योगेंद्र, टूरिस्ट बस चालक शाहरुख, सनी शर्मा पुत्र रविंदर शर्मा, सरिता पत्नी ब्रह्मपाल सिंह, छः वर्षीय दीशा पुत्री सनी, आठ वर्षीय आराध्या पुत्री ज्ञानेंद्र व पवन पुत्र रतन सिंह घायल हो गए।
ज्ञानेंद्र शर्मा ने बताया कि वे 25 लोग बस में कोटद्वार के सिद्धबली मंदिर जा रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जानसठ व जिला अस्पताल भिजवाया। इस दौरान राजमार्ग पर जाम लग गया, पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त टूरिस्ट बस को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। आरोप है कि ट्रक चालक घने कोहरे के बीच भी तेज गति से ट्रक लेकर डिवाइडर के दूसरी ओर गलत साइड आ गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर बीआईटी पुलिस चौकी पर भेज दिया तथा आरोपित चालक को थाने ले गई।