विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Meerut-Pauri Highway देवल के पास धंसा, इसके बाद लगे जाम के कारण पांच मिनट का रास्ता डेढ़ घंटे में हुआ पूरा

By Sonu Dhimal Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 10 Jul 2026 05:16 PM (IST)

मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र में मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर देवल गांव के पास सड़क धंसने से भीषण जाम लग गया। इससे लोगों को भारी असुविधा हुई।

News Article Hero Image

HighLights

  1. रोडवेज बसें जाम के कारण बिजनौर तक नहीं पहुंच सकीं।

  2. बारिश के कारण मिट्टी कटान की समस्या सामने आ रही

संवाद सूत्र, मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। मीरापुर क्षेत्र में पिछले दो दिन से लगातार हो रही मूसलधार वर्षा के कारण गुरूवार को यहां भयंकर जाम लगा रहा, देर शाम नेशनल हाइवे ओथर्टी ने अंडरपास के निकट 21 ट्रक रोड़ी डालकर यातायात चालू किया था, लेकिन शुक्रवार की सुबह फिर से गांव देवल के निकट मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर गांव देवल के निकट सड़क धंस गई।

जिससे यहां फिर से दिन भर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने जेसीबी से फंसी केंटर को निकालकर यातायात को वनवे कराकर यातायात सुचारू किया। देवल गांव से गंगा बैराज व गांव कैलापुर जसमौर तक दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम का आलम यह था कि जो रास्ता मात्र 5 मिनट में तय हो जाता है, उसे पार करने में यात्रियों को 1 से डेढ़ घंटे का समय लगा।

जाम का असर सार्वजनिक परिवहन पर भी स्पष्ट दिखाई दिया। मुजफ्फरनगर-बिजनौर रूट पर चलने वाली रोडवेज बसें जाम के कारण बिजनौर तक नहीं पहुंच सकीं और मीरापुर तक ही सीमित रहीं। इस कारण बिजनौर जाने वाले यात्री घंटों सड़क किनारे अपने वाहनों की प्रतीक्षा करते रहे।

गौरतलब है कि क्षेत्र में बारिश के कारण मिट्टी कटान की समस्या बार-बार सामने आ रही है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और एनएचएआई की टीम मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है, ताकि यातायात को पूरी तरह सामान्य किया जा सके।

यह भी पढ़ें- Meerut-Pauri Highway को लेकर नया अपडेट: वनवे किया गया मार्ग, भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन जारी

हाईवे पर भरे पानी में बाइक बंद होने के बाद हादसा, दो भाई घायल

मीरापुर। बुधवार देर रात मुजफ्फरनगर की बचन सिंह कालोनी निवासी अजय पुत्र श्रीपाल बहसूमा से अपनी मौसी के बेटे सचिन के साथ मुजफ्फरनगर लौट रहा था। जब इनकी बाइक मीरापुर में माडर्न सर्विस स्टेशन के निकट पहुंची तो यहां राजमार्ग पर भारे पानी में बाइक बीच सड़क पर बंद हो गई।

युवक काफी मशक्कत के बाद बाइक को खींचकर किनारे ले आए और उसे स्टार्ट करने का प्रयास कर रहे थे। तभी पीछे से आई एक अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया तथा स्वजन को सूचना दी। चिकित्सक ने गंभीर हालत में दोनों को रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें- बिजनौर-हरिद्वार मार्ग पर मालन नदी का पानी आने से आवागमन रोका, कई गांव जिला मुख्यालय से कटे; रपटे पर भी डेढ़ फीट पानी

घटना के बाद आरोपित चालक कार छोड़कर भाग गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। गुरुवार को घायल अजय के पिता ने अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है।