Meerut-Pauri Highway को लेकर नया अपडेट: वनवे किया गया मार्ग, भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन जारी
लगातार बारिश के कारण मेरठ-पौड़ी हाईवे-119 पर यातायात प्रभावित हुआ है, जिसे देवल गांव के पास जलभराव और सड़क टूटने ...और पढ़ें

देवल गांव के निकट अंडरपास में पानी भरने और राजमार्ग पर वाहन खराब होने के चलते राजमार्ग पर लगा जाम।
HighLights
भारी बारिश के कारण सड़क पर तीन-चार फीट पानी भरा।
भारी वाहनों का मार्ग परिवर्तित, बैराज रोड पर जाम।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। लगातार बरसात से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मेरठ-पौड़ी हाईवे-119 को वनवे कर दिया गया है। गांव देवल के पास सर्विस रोड पर आज भी जलभराव है।
मेरठ-पौड़ी हाईवे पर मुजफ्फरनगर में स्थित गांव देवल के पास सर्विस रोड पर शुक्रवार को भी तीन से चार फीट पानी भरा हुआ है। जगह-जगह से सड़क टूट गई है। इस वजह से गुरुवार शाम हाईवे को वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया था। हालांकि आधी रात के बाद यातायात में कुछ ढील दी गई।
देवल के पास हाईवे को वनवे कर दिया गया है। पहले एक साइड के वाहनों को निकाला जा रहा है। तब तक एक साइड के वाहनों को रोका जाता है। इसके बाद दूसरी साइड के वाहनों की आवाजाही शुरू की जाती है। इससे बैराज रोड पर जाम की भी स्थिति है।
हालांकि, रात ही मुरादाबाद, काशीपुर और अमरोहा से लगी सीमा पर भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया है। इन वाहनों को धनौरा-गजरौला से मेरठ, दिल्ली की ओर भेजा जा रहा है। इस वजह से सिर्फ इक्का-दुक्का भारी वाहन ही मेरठ-पौड़ी हाईवे पर पहुंच रहे हैं। यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि पहले से ही रूट डायवर्जन कर दिया गया है। अब सिर्फ मेरठ-पौड़ी हाईवे को वनवे किया गया है।
उधर, देवल गांव के निकट अंडरपास में पानी भरने और राजमार्ग पर वाहन खराब होने के चलते मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर सुबह से जाम लगा है। जाम के चलते राहगीरों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- Meerut-Pauri Highway देवल के पास धंसा, इसके बाद लगे जाम के कारण पांच मिनट का रास्ता डेढ़ घंटे में हुआ पूरा
जनपद भर में जनजीवन अस्त-व्यस्त
बुधवार की रात से जनपद में रूक-रूककर झमाझम बरसात हो रही है। जिस कारण जनपद भर का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नजीबाबाद में हाईवे पर जहां बरसात के कारण जलभराव हो गया है और वाहनों को निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, जनपद में बहने वाली करीब एक दर्जन नदियों का जल स्तर बढ़ गया है और किनारे बसे गांवों तक पानी पहुंच गया है। जिस कारण बढ़ापुर क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों का संपर्क कट गया है। ऐसे ही अफजलगढ़ क्षेत्र में स्थिति खराब होना शुरू हो गई है।
बिजली आपूर्ति भी बाधित
बरसात के कारण जनपद के कई निकाय क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है। इसके अलावा नगर निकायों में हुए जलभराव के कारण भी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। नहटौर थाना क्षेत्र के गांव शमशाबाद निवासी निपेन्द्र सिंह की बुधवार रात लगातार हो रही बारिश के बीच उनके कच्चे मकान की छत अचानक ढह गई।
संयोगवश उस समय कोई भी सदस्य मकान के अंदर मौजूद नहीं था। उधर, मंडावर में गुरुवार की सुबह तहसील मे संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत गांव गोपालपुर निवासी 50 वर्षिय अशोक कुमार दुकान से सामान लेने जा रहे थे। रात में हुई अधिक बारिश से तालाब का पानी सडक पर आने के कारण सडक का अंदाजा न होने की कारण वह तालाब में गिर कर डूब गए।
