बेरौनक हुए बाजार, सड़कों पर पसरा सन्नाटा
शनिवार को सुबह से रात तक कड़ाके की ठंड में लोग ठिठुर गए। धुंध की घनी चादर ने सूरज की राह रोक दी। पूरे दिन सूरज के दर्शन नहीं हुए।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। शनिवार को सुबह से रात तक कड़ाके की ठंड में लोग ठिठुर गए। धुंध की घनी चादर ने सूरज की राह रोक दी। पूरे दिन सूरज के दर्शन नहीं हुए। धुंध के बीच दिनभर नेशनल हाईव और अन्य सड़कों पर वाहन हैडलाइटें जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए। सर्द हवा ने लोगों को कंपकपा डाला। लोगों ने ठंड से बचाव के लिए कई-कई गर्म कपड़े पहने और अलाव व हीटर का सहारा लिया। नगर पालिका ने दिन में भी अलाव जलवाए।
शनिवार का दिन बेहद ठंडा रहा। सुबह जब लोग सोकर उठे तो उन्हें चोरों ओर धुंध नजर आई। कड़ाके की ठंड में अधिकांश लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। बाजारों में चहल पहल कम रही। दिनभर नेशनल हाईवे-58, मेन रोड, चौधरी चरण सिंह गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग, बुढ़ाना रोड, जानसठ रोड, फलावदा रोड, मीरापुर रोड, चंदसीना रोड, बुआड़ा रोड पर धुंध होने पर वाहनों को हैड लाइट, फ्लैशर लाइट, इंडिकेटर जलाकर चलाना पड़ा। ठंड से बचने के लिए लोगों ने कोट, स्वीटर, मफलर, कैप, लोई पहने। महिलाओं ने कार्डिगन, स्वीटर, मिडी, शर्ग, कोट, कैप, स्कार्फ आदि ऊनी कपड़े पहने। नगर पालिका ने बेघर, बेसहारा लोगों, यात्रियों व अन्य गरीब लोगों के लिए दिन और रात में दस स्थानों पर अलाव जलवाए। इसके अलावा बाजारों में व्यापारियों और अन्य लोगों ने अलाव जलाकर अपने शरीर को ठंड से बचाया। उधर लोगों ने यात्रा करने से परहेज किया। ट्रेनों व बसों में यात्रियों की संख्या कम देखी गई। शाम को दिन ढलने से पूर्व बाजार बंद हो गई और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।