महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
महाआरती में श्रद्धा व आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मुख्य अतिथि डीएम अजय शंकर पांडेय व एसएसपी सुधीर कुमार सिंह एडीएम प्रशासन अमित सिंह एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने आरती कराई।
मुजफ्फरनगर : महाशिवरात्रि पर भगवान आशुतोष की महाआरती में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव, बोल बम-बोल बम के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
सोमवार को शिवचौक स्थित शिव मंदिर पर सुबह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई थी। भक्तों की भीड़ व आस्था को देखते हुए सुरक्षा की ²ष्टि से शिवचौक पर आवागमन को पहले ही डायवर्ट कर दिया गया था। प्रशासन की ओर से शिवचौक पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम थे। दोपहर में शिव मंदिर पर आरती हुई। मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार व सीओ सिटी हरीश भदौरिया रहे। इसके बाद रात नौ बजे महाआरती शुरू हुई। महाआरती में श्रद्धा व आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मुख्य अतिथि डीएम अजय शंकर पांडेय व एसएसपी सुधीर कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने आरती कराई। आरती में भक्ति की बयार बह उठी। हर हर महादेव, बोल बम-बोल बम के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। आरती पश्चात प्रसाद का वितरण हुआ। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। महाआरती में शिवमूर्ति संचालक मंडल के शंकर स्वरूप बंसल, समाजसेवी भीमसेन कंसल, अर्जुन अग्रवाल, मनमोहन जैन, प्रेम आदि का सहयोग रहा।